home page

अन्नपूर्णा की राशि नहीं मिलने पर बंगाल के कई जिलों में महिलाओं का आक्रोश, सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन

 | 
अन्नपूर्णा की राशि नहीं मिलने पर बंगाल के कई जिलों में महिलाओं का आक्रोश, सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन


अन्नपूर्णा की राशि नहीं मिलने पर बंगाल के कई जिलों में महिलाओं का आक्रोश, सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन


कोलकाता, 21 अगस्त (हि. स.)। पश्चिम बंगाल में अन्नपूर्णा योजना की तीन हजार रुपये की राशि खाते में नहीं पहुंचने को लेकर शुक्रवार को कई जिलों में महिलाओं का आक्रोश सामने आया। पश्चिम मेदिनीपुर, जलपाईगुड़ी, मालदा, हुगली और बांकुड़ा समेत कई इलाकों में महिलाओं ने बीडीओ कार्यालयों और सरकारी दफ्तरों के बाहर प्रदर्शन किया। कई जगह सड़क जाम की गई, जबकि उत्तर 24 परगना के बिराटी में महिलाओं के रेल पटरी पर उतरने की भी खबर है।

पश्चिम मेदिनीपुर के दांतन-दो में सैकड़ों महिलाओं ने प्रखंड कार्यालय के सामने प्रदर्शन कर बेलदा-एगरा राज्य सड़क जाम कर दी। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद जाम हटाया गया। वहीं, प्रशासनिक बैठक के दौरान महिलाओं के विरोध के कारण मंत्री अग्निमित्रा पाल को बैठक छोड़कर प्रदर्शनकारियों के बीच आना पड़ा।

जलपाईगुड़ी के राजगंज में महिलाओं ने बीडीओ कार्यालय का मुख्य द्वार और सड़क जाम कर दिया। सिलीगुड़ी में भी नगर निगम कार्यालय के बाहर प्रदर्शन हुआ। महिलाओं का आरोप है कि आवेदन करने के बावजूद उन्हें राशि नहीं मिल रही है और कई बार कार्यालयों के चक्कर लगाने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ।

मालदा के चांचल में बीडीओ से मुलाकात नहीं होने पर महिलाओं ने नेताजी मोड़ पर राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 31 और राज्य सड़क को जोड़ने वाले मार्ग को करीब एक घंटे तक जाम रखा। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ। महिलाओं का कहना है कि राज्य में 17 अगस्त से तीन हजार रुपये की राशि खातों में पहुंचनी शुरू हुई, लेकिन चांचल के कई लाभार्थी अब भी इससे वंचित हैं।

हुगली में उत्तरपाड़ा, श्रीरामपुर, आरामबाग और गोघाट में भी महिलाओं ने राशि की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। उत्तरपाड़ा में जीटी रोड जाम होने से यातायात प्रभावित हुआ। वहीं, बांकुड़ा के बड़जोड़ा में बड़ी संख्या में महिलाओं ने बीडीओ कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया और संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर दुर्गापुर-बांकोड़ा राज्य सड़क पर लेटकर विरोध किया। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद जाम हटाया गया।

प्रदर्शनकारी महिलाओं का आरोप है कि पात्र होने के बावजूद उन्हें योजना का लाभ नहीं मिल रहा है, जबकि कुछ अपात्र लाभार्थियों को भुगतान किया जा रहा है। वहीं, बांकुड़ा जिला प्रशासन के अनुसार 18 अगस्त तक करीब 8.77 लाख महिलाओं को योजना की राशि दी जा चुकी है और देर से आवेदन करने वालों के आवेदनों का सत्यापन जारी है।

एक ही दिन कई जिलों में हुए इन प्रदर्शनों से अन्नपूर्णा योजना के आवेदन, सत्यापन और भुगतान प्रक्रिया को लेकर सवाल खड़े हुए हैं। महिलाओं ने सरकार से पात्र लाभार्थियों को जल्द राशि देने और उनके आवेदनों की स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गंगा