अन्नपूर्णा भंडार योजना पर विपक्ष के आरोपों का जवाब देंगे भाजपा विधायक, मुख्यमंत्री ने दिए विशेष पेन ड्राइव
कोलकाता, 25 जुलाई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल सरकार की अन्नपूर्णा भंडार योजना को लेकर विपक्ष के आरोपों का जवाब देने के लिए मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने भाजपा विधायकों को विशेष पेन ड्राइव उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है। इन पेन ड्राइव में योजना से संबंधित वीडियो संदेश, तथ्य, आंकड़े और तुलनात्मक सामग्री दी गई है, ताकि विधायक जनसंपर्क अभियान के दौरान लोगों के बीच सरकार का पक्ष प्रभावी ढंग से रख सकें।
शनिवार को विधानसभा परिसर में हुई विधायक दल की बैठक में मुख्यमंत्री की ओर से सभी भाजपा विधायकों को निर्देश दिया गया कि वे विधानसभा में मुख्यमंत्री के कक्ष से यह पेन ड्राइव प्राप्त करें। साथ ही उन्हें बूथ स्तर तक जाकर योजना से संबंधित जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने को कहा गया।
भाजपा का आरोप है कि तृणमूल कांग्रेस, कांग्रेस और वाम दल राज्यभर में अन्नपूर्णा भंडार योजना को लेकर भ्रामक प्रचार कर रहे हैं। ऐसे में जनता के बीच किसी प्रकार का भ्रम न फैले, इसके लिए तथ्यों और प्रमाणों के साथ जवाब देने की रणनीति तैयार की गई है।
सूत्रों के अनुसार पेन ड्राइव में योजना की प्रमुख विशेषताओं, लाभार्थियों से जुड़े आंकड़ों, वीडियो प्रस्तुति और विपक्ष के आरोपों के जवाब में तैयार सामग्री शामिल है। विधायकों से कहा गया है कि वे इन जानकारियों का उपयोग करते हुए घर-घर और बूथ स्तर पर जनसंपर्क अभियान चलाएं।
इस अभियान के दौरान पूर्ववर्ती तृणमूल सरकार की लक्ष्मी भंडार योजना और वर्तमान सरकार की अन्नपूर्णा भंडार योजना के बीच तुलना भी लोगों के सामने रखी जाएगी। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी पहले भी दावा कर चुके हैं कि पूर्ववर्ती योजना में अनियमितताओं और पक्षपात की शिकायतें थीं, जबकि वर्तमान सरकार की अन्नपूर्णा भंडार योजना अधिक पारदर्शी, भ्रष्टाचार मुक्त और लाभार्थियों के लिए बेहतर सुविधाओं वाली है।
भाजपा का कहना है कि विपक्ष द्वारा यह प्रचार किया गया था कि सरकार बदलने पर महिलाओं को मिलने वाली आर्थिक सहायता बंद हो जाएगी। पार्टी का दावा है कि नई सरकार ने न केवल योजना को जारी रखा है, बल्कि उसके लाभ और सुविधाओं का भी विस्तार किया है। इसी संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए विधायकों को यह विशेष प्रचार सामग्री उपलब्ध कराई गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

