home page

आईआईटी परिसर के स्कूल में अन्नपूर्णा योजना फॉर्म वितरण पर विवाद, पुलिस ने पार्षद को लिया हिरासत में

 | 
आईआईटी परिसर के स्कूल में अन्नपूर्णा योजना फॉर्म वितरण पर विवाद, पुलिस ने पार्षद को लिया हिरासत में


खड़गपुर, 02 जून (हि. स.)। पश्चिम मेदिनीपुर जिले के खड़गपुर में अन्नपूर्णा योजना के फॉर्म वितरण को लेकर तृणमूल कांग्रेस के एक पार्षद के खिलाफ अनियमितता और नियमों के उल्लंघन के आरोप सामने आए हैं। आरोप है कि बिना अनुमति के खड़गपुर आईआईटी परिसर स्थित एक प्राथमिक विद्यालय में वार्ड संख्या 30 के पार्षद देवाशीष सेनगुप्ता अपने समर्थकों के साथ अन्नपूर्णा योजना के फॉर्म वितरित कर रहे थे।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, विद्यालय परिसर में बिना अनुमति फॉर्म वितरण किए जाने की शिकायत मिलने पर खड़गपुर आईआईटी चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पार्षद और उनके कुछ समर्थकों को पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई। बाद में उन्हें थाने लाकर पूरे मामले की जांच शुरू की गई। घटना को लेकर राजनीतिक हलकों में भी चर्चा तेज हो गई है।

आरोप कर्ताओं का कहना है कि सरकारी योजना के फॉर्म वितरण की प्रक्रिया में नियमों का पालन नहीं किया गया। वहीं, इस मामले में पार्षद की ओर से तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी संबंधित तृणमूल नेता के खिलाफ नौकरी दिलाने के नाम पर लोगों से धन लेने सहित विभिन्न आरोप लगाए जा चुके हैं। हालांकि उन आरोपों की सत्यता और कानूनी स्थिति को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

पुलिस ने बताया कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के संबंध में स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता