home page

अंडाल के सिंदुली-नीलकंठतला में भू-धंसान से दहशत

 | 
अंडाल के सिंदुली-नीलकंठतला में भू-धंसान से दहशत


दुर्गापुर, 21 नवंबर (हि.स.)।

पश्चिम बर्दवान जिले के कोयला खनन प्रभावित क्षेत्रों में भू-धंसान की घटनाओं से लोगों की चिंता बढ़ गई है। अंडाल के सिंदुली और नीलकंठतला में हाल की घटनाओं में एक मकान जमीन में समा जाने के बाद प्रभावित परिवारों की सुरक्षा और पुनर्वास का मुद्दा गंभीर हो गया है। इसे लेकर शनिवार को दुर्गापुर स्थित महकमा शासक कार्यालय में प्रशासन और ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ईसीएल) के वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक हुई।

बैठक में रानीगंज के भाजपा विधायक पार्थ घोष, ईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक सतीश झा, पश्चिम बर्दवान के जिलाधिकारी एस. पन्नाबलम, दुर्गापुर की महकमा शासक अंकिता अग्रवाल समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। बैठक में भू-धंसान के कारणों, संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान, प्रभावित लोगों की सुरक्षा और पुनर्वास पर चर्चा हुई।

विधायक पार्थ घोष ने मांग की कि भू-धंसान की घटनाओं के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच कराई जाए तथा खनन गतिविधियों से प्रभावित क्षेत्रों में लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि कोयला उत्खनन से पहले आम लोगों के जीवन और संपत्ति की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। प्रभावित परिवारों को नुकसान की भरपाई और सुरक्षित आवास उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी ईसीएल को लेनी चाहिए।

बैठक में क्षतिग्रस्त मकानों और खतरे वाले इलाकों में रहने वाले परिवारों के सर्वेक्षण तथा जरूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर पुनर्वास की व्यवस्था करने पर भी जोर दिया गया। अब स्थानीय लोगों की निगाहें प्रशासन और ईसीएल की ओर से उठाए जाने वाले ठोस कदमों पर टिकी हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा