home page

अंडाल में तालाब से लापता युवक का शव बरामद

 | 
अंडाल में तालाब से लापता युवक का शव बरामद


आसनसोल, 27 अप्रैल (हि. स.)। पश्चिम बर्धमान जिले के स्थित मुच्छबांध तालाब से लापता एक युवक का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान रबी घोष (35) के रूप में हुई है। वह रविवार दोपहर से लापता थे। सोमवार सुबह स्थानीय लोगों ने तालाब में उनका शव तैरता देखा और पुलिस को सूचना दी।

पुलिस और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, रबी घोष का घर बिधाननगर इलाके में है। वह अंडाल गांव के घोषपाड़ा स्थित अपने ससुराल आए हुए थे। स्थानीय लोगों का कहना है कि रबी अक्सर नशे की हालत में रहते थे। बताया जा रहा है कि रविवार दोपहर भी वह शराब के नशे में तालाब में नहाने उतरे और गहरे पानी में डूब गए।

परिजनों ने रविवार को काफी खोजबीन की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला। सोमवार सुबह करीब पांच बजे कुछ स्थानीय लोग तालाब किनारे पहुंचे तो उन्होंने पानी में शव तैरता देखा। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने शव को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया।

शुरुआती जांच में माना जा रहा है कि नशे की हालत में पानी में उतरने के कारण यह हादसा हुआ। हालांकि, इसके पीछे कोई और कारण है या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है।

रबी घोष की मौत से उनके ससुराल और इलाके में शोक का माहौल है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा