home page

लापता युवक का तालाब से शव बरामद

 | 
लापता युवक का तालाब से शव बरामद


पश्चिम बर्दवान, 12 सितंबर (हि.स.)।

अंडाल थाना अंतर्गत जामप्योर-जामबाद कोलियरी इलाके में शुक्रवार दोपहर से लापता 37 वर्षीय संजीव बाउरी का शव शनिवार सुबह स्थानीय तालाब से बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। कई घंटे की मशक्कत के बाद सिविल डिफेंस की टीम ने तालाब से शव को बाहर निकाला। घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है।

परिजनों के अनुसार, संजीव बाउरी शुक्रवार को काम पर जाने की बात कहकर साइकिल लेकर घर से निकले थे। इसके बाद वह वापस नहीं लौटे। शाम तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। आसपास के इलाकों में खोजबीन के दौरान स्थानीय लोगों ने तालाब के पास उनकी साइकिल और गमछा पड़ा देखा। इसके बाद परिजनों को आशंका हुई कि संजीव तालाब में गिर गए होंगे। मामले की सूचना पुलिस को दी गई।

शनिवार सुबह तालाब में संजीव के शव के दिखाई देने की सूचना मिलने के बाद इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को तालाब से बाहर निकालने के लिए सिविल डिफेंस की टीम को बुलाया गया। टीम के कर्मियों ने तालाब में उतरकर काफी देर तक तलाशी अभियान चलाया। कई घंटे की मशक्कत के बाद संजीव बावरी के शव को बाहर निकाला गया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। संजीव की मौत तालाब में किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा