home page

अंडाल में एक ही रात छह खदान आवासों में चोरी, इलाके में दहशत

 | 
अंडाल में एक ही रात छह खदान आवासों में चोरी, इलाके में दहशत


पश्चिम बर्दवान, 10 अगस्त (हि. स.)। जिले के अंडाल थाना क्षेत्र में ईसीएल की नवकाजोड़ा कोलियरी के गोलाई मोड़ स्थित खदान आवासीय क्षेत्र में एक ही रात छह बंद आवासों में चोरी की घटना सामने आने से इलाके में दहशत फैल गई है। घटना रविवार देर रात की बताई जा रही है।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, चोरी के दौरान सभी छह आवास बंद थे और उनमें कोई मौजूद नहीं था। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने आवासों में प्रवेश कर विभिन्न सामान चोरी कर लिया और मौके से फरार हो गए। सोमवार सुबह आवासों में लौटने के बाद लोगों को चोरी की जानकारी हुई।

घटना की सूचना पाकर अंडाल थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और बंद आवासों की जांच शुरू की।

स्थानीय लोगों का दावा है कि काजोड़ा गोलाई इलाके में इससे पहले भी एक साथ कई बंद खदान आवासों में चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। लगातार इस तरह की घटनाओं से स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

बताया जा रहा है कि घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज में दो संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिए हैं। स्थानीय लोगों का दावा है कि उनके हाथों में चॉपर जैसे धारदार हथियार नजर आ रहे हैं।

पुलिस फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। एक ही रात में छह आवासों में चोरी की घटना सामने आने के बाद इलाके की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा