अंडाल नाका चेकिंग के दौरान पुलिस ने ढाई लाख रुपए पकड़े
आसनसोल, 15 अप्रैल (हि. स.)। चुनाव को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में बुधवार दोपहर करीब 1:30 बजे अंडाल के चनचनी इलाके में उखड़ा चौकी पुलिस ने नाका चेकिंग के दौरान एक बाइक सवार को संदेह के आधार पर रोका। तलाशी लेने पर उसके पास से दो लाख 73 हजार रुपये नकद बरामद किए गए, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, पकड़े गए व्यक्ति की पहचान पश्चिम बर्द्धमान जिले के दुर्गापुर-फरीदपुर ब्लॉक के पाटशाओड़ा गांव निवासी प्रवीर चक्रवर्ती के रूप में हुई है।
चुनाव आयोग के निर्देशों के अनुसार, चुनाव की घोषणा के बाद कोई भी व्यक्ति बिना वैध दस्तावेज के 50 हजार रुपये से अधिक नकद राशि अपने साथ नहीं ले जा सकता। ऐसे में जब पुलिस ने बाइक सवार से इस रकम के बारे में पूछताछ की तो वह संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया, जिसके बाद पूरी राशि जब्त कर ली गई।
बताया जा रहा है कि वह पेशे से पोस्ट ऑफिस एजेंट है। प्रवीर चक्रवर्ती ने पुलिस को बताया कि वह पोस्ट ऑफिस के ग्राहकों से एकत्र किए गए पैसे लेकर जा रहे थे और उनका कोई गलत इरादा नहीं था।
हालांकि, नियमों के तहत पुलिस ने पूरी राशि जब्त कर ली है। अधिकारियों का कहना है कि यदि प्रवीर चक्रवर्ती इस रकम से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत करते हैं तो जांच के बाद पैसे उन्हें वापस कर दिए जाएंगे, अन्यथा यह राशि सरकारी खजाने में जमा कर दी जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

