अंडाल में लापता युवक का फंदे से लटका शव बरामद
पश्चिम बर्दवान, 23 सितंबर (हि.स.)।
आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के अंडाल थाना क्षेत्र के काजोड़ा पंचायत अंतर्गत कुलबागान इलाके में बुधवार सुबह एक युवक का फंदे से लटका शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 35 वर्षीय गौतम बागदी के रूप में हुई है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, गौतम बागदी मंगलवार से लापता थे।
परिजनों के साथ स्थानीय लोग भी उनकी तलाश कर रहे थे। इसी दौरान घर से करीब 500 मीटर दूर एक सुनसान स्थान पर स्थानीय लोगों ने उनका शव फंदे से लटका देखा।
घटना की सूचना मिलते ही अंडाल थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा। घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा है, वहीं इलाके में भी शोक का माहौल है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

