home page

अंडाल में ईसीएल की जमीन पर धंसान के साथ आग और धुआं, गांव में दहशत

 | 
अंडाल में ईसीएल की जमीन पर धंसान के साथ आग और धुआं, गांव में दहशत


पश्चिम बर्दवान, 09 सितंबर (हि. स.)। जिले के अंडाल में ईसीएल की जमीन पर धंसान के साथ आग और धुआं निकलने की घटना से धांडाडीहि गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का दावा है कि पिछले तीन दिनों से गांव के एक हिस्से में जमीन से लगातार आग और धुआं निकल रहा है और समय बीतने के साथ स्थिति गंभीर होती जा रही है।

ग्रामीणों के अनुसार, जमीन धंसने के साथ आग और धुआं निकलना बेहद चिंताजनक है। आसपास रहने वाले परिवारों में अपने घर और सुरक्षा को लेकर चिंतित है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते स्थिति को नियंत्रित नहीं किया गया तो यह घटना आगे चलकर बड़ी दुर्घटना का रूप ले सकती है।

ग्रामीणों का आरोप है कि घटना के तीन दिन बीतने के बावजूद ईसीएल के अधिकारी अब तक मौके पर निरीक्षण के लिए नहीं पहुंचे हैं। इसे लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी भी है।

ग्रामीणों ने ईसीएल प्रबंधन से तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने, प्रभावित और खतरनाक इलाके को घेरकर लोगों की आवाजाही रोकने तथा विशेषज्ञों की मदद से जमीन के नीचे की स्थिति की जांच कराने की मांग की है। साथ ही आसपास रहने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाने की अपील की गई है।

स्थानीय लोगों का सवाल है कि जब जमीन से लगातार आग और धुआं निकल रहा है, तो किसी बड़े हादसे का इंतजार क्यों किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा