अंडाल स्टेशन पर भटकी बच्ची को जीआरपी ने सुरक्षित परिजनों को सौंपा
अंडाल, 18 मार्च (हि.स.)। अंडाल जीआरपी थाना की तत्परता से रेलवे स्टेशन पर भटकती एक नन्ही बच्ची को सुरक्षित बरामद कर उसकी मां को सौंप दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 18 मार्च को सुबह लगभग 08:25 बजे एसआई मोहम्मद मोनिरुल हक अपनी टीम के साथ अंडाल रेलवे स्टेशन पर ड्यूटी कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने फुट ओवर ब्रिज के पास एक छोटी बच्ची (लगभग चार वर्ष) को अकेले और भटकते हुए देखा। पूछताछ करने पर बच्ची ने केवल अपना नाम रफिया और अपने पिता का नाम रुस्तम बताया, लेकिन इसके अतिरिक्त कोई और जानकारी नहीं दे सकी।
पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए बच्ची को सुरक्षित अपने संरक्षण में लेकर महिला कांस्टेबल की सहायता से “चाइल्ड फ्रेंडली कॉर्नर” में रखा। बाद में बच्ची की मां और मामा जीआरपीएस के चाइल्ड फ्रेंडली कॉर्नर पहुंचे। प्रारंभिक पूछताछ में बच्ची की पहचान और पता स्पष्ट हुआ।
बताया गया कि बच्ची पश्चिम बर्दवान की निवासी है। वह सुबह अपने मामा और मामी के साथ स्टेशन आई थी। इसी दौरान जब उसके मामा टिकट लेने गए थे, तभी रांची-हटिया एक्सप्रेस अंडाल स्टेशन पर पहुंच गई और उसकी मामी गलती से उसी ट्रेन में सवार हो गईं, जिससे बच्ची प्लेटफॉर्म पर छूट गई।
सभी आवश्यक सत्यापन और औपचारिकताओं के बाद बच्ची को उसकी मां को उसके मामा की उपस्थिति में सुरक्षित रूप से सौंप दिया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

