home page

अंडाल में 200 किलो गांजा जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार

 | 
अंडाल में 200 किलो गांजा जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार


आसनसोल, 17 नवंबर (हि. स.)। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट की डिटेक्टिव डिपार्टमेंट (डीडी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 200 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। इस मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। छापेमारी के दौरान गांजा की खेप ले जाने में इस्तेमाल की जा रही एक बोलेरो पिकअप वैन, नकदी और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किया हैं।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, सोमवार रात डीडी की एक टीम ने अंडाल थाना क्षेत्र के टॉप लाइन इलाके में बक्तारनगर रोड पर अभियान चलाया। इस दौरान संदिग्ध बोलेरो पिकअप वैन को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन से लगभग 200 किलो गांजा बरामद हुआ। मौके पर मौजूद दो लोगों को हिरासत में लेने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया।

प्रारंभिक जांच में पुलिस को संदेह है कि गांजे की यह खेप ओडिशा से लाई गई थी। इसे आसनसोल समेत आसपास के विभिन्न इलाकों में आपूर्ति करने की योजना थी। पुलिस ने बरामद गांजे के साथ वाहन, नकदी और मोबाइल फोन को भी जब्त कर लिया है।

इस मामले में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा