जनसंघ–भाजपा के कर्मयोगी अनादी विश्वास का निधन
मेदिनीपुर, 01 अप्रैल (हि. स.)। घाटाल महकमा के अंतर्गत गोबिंदपुर गांव के निवासी और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के समर्पित कार्यकर्ता अनादी विश्वास का शुक्रवार तड़के लगभग पांच बजे निधन हो गया। वे आजीवन ब्रह्मचारी थे और लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे।
अनादी विश्वास जनसंघ तथा बाद में भाजपा के एकनिष्ठ और समर्पित कार्यकर्ता के रूप में जाने जाते थे। उन्होंने अविभाजित मेदिनीपुर जिले में भाजपा के जिला महासचिव के रूप में भी जिम्मेदारी निभाई थी।
बताया जाता है कि वर्ष 1984 में उनके आह्वान पर कई कार्यकर्ता गोबिंदपुर गांव में संगठन के विस्तार के लिए आए थे। उस समय राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यों के विस्तार में भी उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
अनादी विश्वास का जीवन सादगी और समर्पण का उदाहरण था। वे प्रतिदिन सुबह स्नान करने के बाद एक पॉलिथीन में मुरमुरा, एक गमछा और एल्यूमिनियम की थाली लेकर पार्टी के काम के लिए निकल पड़ते थे। अक्सर उनकी जेब खाली रहती थी और कई बार सहृदय लोग ही उन्हें बस का किराया दे देते थे। उन्होंने जनसंघ में विभिन्न सांगठनिक पदों पर कार्य किया। वे अपनी स्पष्टवादिता और ज़मीनी स्तर के कार्यकर्ताओं के साथ सीधे जुड़ाव के लिए जाने जाते थे।
पिछले कुछ वर्षों से वे बीमार थे। हालांकि इस दौरान बहुत कम लोग उनका हालचाल लेने पहुंचे, लेकिन उन्होंने कभी कोई शिकायत नहीं की।
उनके निधन से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। सुबह से ही स्थानीय लोगों की भीड़ उनके घर पर उमड़ पड़ी। पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उन्हें एक सच्चा कर्मयोगी बताते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
साथी कार्यकर्ता संघ के पृष्ठभूमि से अशोक कुमार पाड़िया का कहना है कि ऐसे समर्पित और निष्ठावान कार्यकर्ताओं की मेहनत, संघर्ष और त्याग के कारण ही आज पार्टी मजबूत स्थिति में पहुंच सकी है।
घाटाल के पूर्व विधायक शीतल कपाट शुक्रवार दोपहर को अनादी विश्वास के घर पहुंचे और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने शोकसंतप्त परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर अपनी संवेदना भी व्यक्त की।
पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से लेकर जमीनी स्तर तक के कार्यकर्ता उनके अंतिम दर्शन के लिए लगातार पहुंच रहे हैं और उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दे रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

