अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत 90 से अधिक स्टेशनों का होगा कायाकल्प : सुकांत मजूमदार
सिलीगुड़ी, 17 जुलाई (हि.स.)। पूरे देश में आज अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत 90 से अधिक स्टेशनों का उद्घाटन किया जा रहा है। इसी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए शुक्रवार को केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार बागडोगरा एयरपोर्ट पहुंचे।
बागडोगरा एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बात करते हुए सुकांत मजूमदार ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री के आधिकारिक दौरे को लेकर तैयारियां जारी है। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले राज्य सरकार के सहयोग की कमी के कारण सीमा पर बाड़ लगाने का काम प्रभावित हुआ, लेकिन अब नई व्यवस्था में जमीन सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) को दी गई है जिससे काम तेज हुआ है।
उन्होंने बताया कि आज भारत में पहली बार हाइड्रोजन से चलने वाली ट्रेन की शुरुआत भी हो रही है, जो पर्यावरण के लिए बेहद अहम कदम है क्योंकि इससे किसी तरह का प्रदूषण नहीं होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और रेल मंत्री के नेतृत्व में भारतीय रेलवे में अभूतपूर्व बदलाव हुए हैं।
सुकांत मजूमदार ने कहा कि पश्चिम बंगाल मके 25 स्टेशन समेत देशभर में 90 से ज्यादा अमृत भारत स्टेशनों का उद्घाटन हो रहा है और रेलवे के विकास में इतना बड़ा काम पहले कभी नहीं हुआ।
राजनीतिक मुद्दों पर बोलते हुए उन्होंने पार्टी लाइन को स्पष्ट करते हुए कहा कि बिना संगठन की अनुमति के किसी को भी पार्टी में शामिल नहीं किया जाएगा। साथ ही महिला आरक्षण को देशहित में जरूरी बताया।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

