home page

चोरबागान भगदड़ के घायलों से मिलने अस्पताल पहुंचे अमित शाह, पूजा परिक्रमा कार्यक्रम रद्द

 | 
चोरबागान भगदड़ के घायलों से मिलने अस्पताल पहुंचे अमित शाह, पूजा परिक्रमा कार्यक्रम रद्द


कोलकाता, 18 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर कोलकाता के चोरबागान सार्वजनिक दुर्गापूजा मंडप में भगदड़ की घटना में घायल लोगों से मिलने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह रविवार को अस्पताल पहुंचे। कोलकाता पहुंचने के बाद उन्होंने सबसे पहले कालीघाट मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने अपनी पूर्व निर्धारित पूजा परिक्रमा के कई कार्यक्रम रद्द कर दिए और सीधे अस्पताल पहुंचे।

अस्पताल में इलाज करा रहे घायलों से मुलाकात कर शाह ने उनकी शारीरिक स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने घायलों के परिजनों से भी बातचीत की और घटना पर दुख व्यक्त किया। इस दौरान मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता मौजूद थे।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि कोलकाता पुलिस ने घटना के संबंध में स्वतः संज्ञान लेते हुए गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया है।

इससे पहले अमित शाह ने घटना में मारे गए लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की थी। उन्होंने हादसे को बेहद दुखद बताते हुए कहा था कि स्थिति की जानकारी लेने के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से बातचीत की है।

इस बीच, कोलकाता पुलिस ने शहर में संभावित प्रदर्शनों, रैलियों और सभाओं के मद्देनजर निषेधाज्ञा लागू की है। आदेश के तहत पांच या उससे अधिक लोगों के एकत्र होने, लाठी या अन्य घातक एवं खतरनाक हथियार लेकर चलने तथा शांति भंग करने या सार्वजनिक व्यवस्था को प्रभावित करने वाली गतिविधियों पर रोक लगाई गई है।

कोलकाता पुलिस आयुक्त अजय नंद ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 की उपधारा (एक) और (थ्री) के तहत प्राप्त शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए यह आदेश जारी किया है। आदेश 18 अक्टूबर से 20 अक्टूबर तक या अगले आदेश तक प्रभावी रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता