home page

(संशोधित) बंगाल : विधानसभा कैंटीन के शौचालय में मिला कर्मचारी का शव, जांच में जुटी पुलिस

 | 
(संशोधित) बंगाल : विधानसभा कैंटीन के शौचालय में मिला कर्मचारी का शव, जांच में जुटी पुलिस


(फोटो परिवर्तन के साथ पुन: जारी.....)

कोलकाता, 02 नवंबर (हि.स.)। पश्चिम बंगाल विधानसभा परिसर में सोमवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब कैंटीन विभाग के शौचालय से एक कर्मचारी का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान उमेश चंद्र दास के रूप में हुई है, जो पिछले लगभग 15 वर्षों से विधानसभा कैंटीन में एक ठेकेदार एजेंसी के अधीन अस्थायी कर्मचारी के तौर पर कार्यरत थे। घटना की सूचना मिलते ही हेस्टिंग्स और हेयर स्ट्रीट थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस घटना के संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है और विधानसभा अध्यक्ष रथींद्रनाथ बसु को भी पूरे घटनाक्रम से अवगत करा दिया गया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, सोमवार (2 नवंबर) सुबह लगभग 9:10 बजे उमेश चंद्र दास को कैंटीन के शौचालय के अंदर अचेत अवस्था में पड़ा हुआ पाया गया। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया गया है कि उमेश मूल रूप से कोलकाता के तिलजला इलाके के रहने वाले थे, लेकिन काम के सिलसिले में वह विधानसभा कैंटीन में ही रहा करते थे। सोमवार सुबह वह हमेशा की तरह सोकर उठने के बाद वॉशरूम गए थे। जब काफी देर तक वह बाहर नहीं आए, तो सहकर्मियों ने उन्हें आवाज लगाई। कोई जवाब न मिलने पर दरवाजा तोड़ा गया, जहां उमेश फर्श पर बेसुध पड़े मिले।

व्यक्ति की मौत कैसे हुई, इसे लेकर फिलहाल रहस्य बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में मृतक के शरीर पर किसी भी तरह के चोट के निशान नहीं मिले हैं और न ही अब तक किसी साजिश या अस्वाभाविक घटना के संकेत मिले हैं। इस मामले में अभी तक किसी की ओर से कोई आधिकारिक शिकायत भी दर्ज नहीं कराई गई है। मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांचकर्ता पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं। घटना की गंभीरता को देखते हुए कोलकाता पुलिस की डीडी होमिसाइड शाखा की एक टीम भी मौके पर पहुंच गई है। फिलहाल पुलिस ने घटनास्थल और उसके आसपास के इलाके को सुरक्षित कर लिया है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर / संतोष मधुप

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष मधुप