मंत्री अग्निमित्रा पाल ने चलाई मुखोमुखी जनसम्पर्क कार्यक्रम, सुनीं लोगों की शिकायतें
पश्चिम बर्दवान, 09 जुलाई (हि.स.)। आसनसोल नगर निगम की मुखोमुखी जनसम्पर्क कार्यक्रम में मंत्री अग्निमित्रा पाल ने संवाददाता सम्मेलन किया। उन्होंने कहा कि समस्या का सबसे बड़ा कारण नियमों का सही तरीके से पालन (एनफोर्समेंट) नहीं होना है। इस पर गंभीरता से काम किया जा रहा है। यह कोई ऐसी समस्या नहीं है जिसका समाधान रातोंरात हो जाएगा, लेकिन इस दिशा में बैठकें हो चुकी हैं और कार्रवाई भी शुरू हो गई है। जहां भी सरकारी जमीन पर अतिक्रमण या अन्य शिकायतें मिली हैं, वहां कार्रवाई की जाएगी।
हमने एक शिकायत केंद्र बनाने का निर्देश दिया है। यदि किसी को कोई समस्या है तो वह सीधे शिकायत केंद्र में आकर बता सकता है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी और विभाग के मंत्रियों के निर्देश पर हर शिकायत पर कार्रवाई की जाएगी। चाहे कोई भी व्यक्ति हो, किसी भी राजनीतिक पार्टी का पार्षद क्यों न हो, यदि उसने नियमों का उल्लंघन किया है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई होगी। कानून सबके लिए समान है। जहां नालियां नहीं बनी हैं, जहां जलजमाव की समस्या है या नालियों की सफाई नहीं हुई है, वहां तत्काल सफाई कराई जाएगी। बरसात के बाद जिन जगहों पर स्थायी काम की जरूरत होगी, वहां सड़क और नाली निर्माण कराया जाएगा।
अवैध निर्माण की भी शिकायतें मिली हैं। हमारी टीम मौके पर जा रही है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर जहां भी अवैध व्यावसायिक निर्माण हो रहा है, वहां जांच होगी। यदि नियमों के अनुसार कुछ संशोधन कर भवन को वैध बनाया जा सकता है तो उस पर विचार किया जाएगा, लेकिन यदि पूरा निर्माण ही अवैध पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
आसनसोल नगर निगम में मुखोमुखी जनसम्पर्क कार्यक्रम की शुरुआत कर रहे हैं, ताकि नगर निगम क्षेत्र के लोगों को यदि किसी भी सेवा में परेशानी हो या हमारी ओर से कोई कमी रह गई हो तो वे सीधे हमसे संपर्क कर सकें। इसके लिए दो हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं। मैं स्वयं भी फोन उठाऊंगी। हमारे प्रशासक, निगमायुक्त, पुलिस अधिकारी तथा सभी विभागों के अधिकारी भी शिकायतों के समाधान के लिए उपलब्ध रहेंगे।
आज कार्यक्रम के दौरान कई शिकायतें मिली हैं और उनके समाधान का काम शुरू हो चुका है। केवल आज ही नहीं, नगर विकास विभाग ने एक स्थायी शिकायत केंद्र भी बनाया है। उसका हेल्पलाइन नंबर विभाग के आधिकारिक पेज पर जारी किया गया है। शहरी क्षेत्रों से जुड़ी कोई भी समस्या वहां दर्ज कराई जा सकती है। शिकायत संबंधित नगर निगम तक पहुंच जाएगी और जब तक उसका समाधान नहीं होगा, शिकायत बंद नहीं की जाएगी।
जैसे स्वच्छ ऐप के माध्यम से लोग गंदगी, जलजमाव या अन्य समस्याओं की तस्वीर भेज सकते हैं और समाधान होने तक शिकायत खुली रहती है, उसी तरह इस कार्यक्रम और शिकायत केंद्र के माध्यम से भी हर शिकायत की निगरानी की जाएगी।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर हमारी सरकार लोगों के लिए, लोगों के द्वारा और लोगों की सरकार के सिद्धांत पर काम कर रही है। आसनसोल नगर निगम 24 घंटे, साल के 365 दिन जनता को बेहतर सेवाएं देने के लिए प्रतिबद्ध है।
पेयजल की समस्या को लेकर भी लगातार शिकायतें मिल रही हैं। केंद्र सरकार की जल परियोजना के तहत पाइपलाइन तो बिछाई गई, लेकिन कई जगह अब तक जलापूर्ति शुरू नहीं हुई है। कई स्थानों पर पाइप की गुणवत्ता भी खराब है। इसके अलावा कुछ लोग मोटर लगाकर जरूरत से ज्यादा पानी खींच लेते हैं, जिससे आसपास के लोगों को पानी नहीं मिल पाता। यह भी पानी की चोरी है। पानी एक बहुमूल्य संसाधन है, इसलिए इसे बर्बाद नहीं होने दिया जाएगा। जहां भी मोटर लगाकर पानी चोरी करने की शिकायत मिलेगी, वहां तत्काल कार्रवाई होगी और अवैध कनेक्शन काट दिए जाएंगे। मैंने संबंधित विभाग को इस संबंध में निर्देश दे दिए हैं। पानी पर सभी का समान अधिकार है और किसी को भी दूसरों का हिस्सा लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

