स्वनिधि महोत्सव के तहत बर्नपुर डेली मार्केट में स्वच्छता जागरूकता रैली
आसनसोल, 29 नवंबर (हि. स.)। स्वनिधि महोत्सव के तहत मार्केट क्लीनलीनेस ड्राइव के तहत रविवार को बर्नपुर डेली मार्केट इलाके में स्वच्छता जागरूकता रैली निकाली गई। आसनसोल शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के उद्देश्य से आयोजित इस रैली के माध्यम से बाजार के दुकानदारों, हॉकर्स और सड़क किनारे दुकान लगाने वाले व्यवसायियों को साफ-सफाई के प्रति जागरूक किया गया तथा उनसे बाजार में कचरा निर्धारित स्थान पर डालने की अपील की गई।
रैली में आसनसोल नगर निगम के कमिश्नर दिलीप मिश्रा, भाजपा प्रदेश कमेटी के नेता पवन कुमार सिंह, भाजपा मंडल महासचिव सोमनाथ दास, भाजपा नेता पंकज दास, नगर निगम के निर्मल बंधु, निर्मल साथी तथा निगम के अन्य कर्मचारी शामिल हुए।
इस दौरान निगम कमिश्नर दिलीप मिश्रा ने कहा कि आसनसोल शहर को स्वच्छ बनाए रखने के लिए केवल नगर निगम के सफाई कर्मचारियों के प्रयास पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि बाजारों में दुकानदारों, हॉकर्स और आम नागरिकों को भी अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। निगम के निर्मल बंधु और निर्मल साथी घर-घर जाकर कचरा संग्रह कर रहे हैं तथा शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगातार काम कर रहे हैं। इसके बावजूद बाजारों और सड़कों के आसपास कचरा जमा होने की समस्या सामने आ रही है।
उन्होंने कहा कि स्वनिधि महोत्सव के तहत मार्केट क्लीनलीनेस ड्राइव के माध्यम से दुकानदारों और हॉकर्स को जागरूक किया जा रहा है। सभी दुकानदार अपने दुकानों का कचरा सड़क पर अथवा नालियों के किनारे फेंकने के बजाय निर्धारित स्थान पर जमा करें और नगर निगम की कचरा संग्रह गाड़ी आने पर उसमें कचरा डालें। साथ ही कचरे को अलग-अलग करके रखने की भी अपील की गई।
कमिश्नर ने बताया कि बाजारों में दुकानदारों और हॉकर्स के लिए कचरा रखने की व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से छोटे डस्टबिन उपलब्ध कराने की दिशा में भी निगम पहल कर रहा है, ताकि बाजारों में सफाई व्यवस्था व्यवस्थित रहे। उन्होंने व्यवसायियों से अपील की कि स्वच्छता अभियान को केवल नगर निगम का अभियान न समझें, बल्कि इसे अपनी जिम्मेदारी मानकर शहर को साफ-सुथरा रखने में सहयोग करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

