home page

आसनसोल में सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाने का आदेश

 | 
आसनसोल में सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाने का आदेश


आसनसोल, 15 मई (हि.स.)।

आसनसोल नगर निगम

ने सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाने को लेकर सख्त रुख अपनाया है। निगम की ओर से जारी आधिकारिक नोटिस में स्पष्ट कहा गया है कि हटन रोड मोड़ से इस्माइल मोड़ तक फैले अवैध कब्जों को हटाने के लिए कार्रवाई तय कर दी गई है।

नोटिस के अनुसार, अतिक्रमण करने वाले लोगों ने 14 मई 2026 को आवेदन देकर खुद ही अवैध निर्माण हटाने के लिए 15 दिनों का समय मांगा था। इस पर प्रशासन ने उन्हें 15 दिन की अंतिम मोहलत दे दी है। हालांकि, यह भी साफ कर दिया गया है कि इस अवधि के बाद किसी भी तरह का विस्तार या अनुरोध स्वीकार नहीं किया जाएगा।

प्रशासन ने चेतावनी दी है कि तय समय सीमा पूरी होने के बाद संबंधित अधिकारी मौके पर जाकर भौतिक सत्यापन करेंगे। यदि कहीं भी अतिक्रमण या अवैध निर्माण पाया गया, तो उसे तुरंत तोड़ दिया जाएगा और इसके लिए पूरी जिम्मेदारी संबंधित अतिक्रमणकारियों की होगी।

इस अभियान को लेकर जिला प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क है। पश्चिम बर्दवान के जिला मजिस्ट्रेट, पुलिस आयुक्त और अन्य संबंधित विभागों को नोटिस की प्रति भेजी गई है, ताकि अभियान के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखी जा सके।

निगम ने पुलिस प्रशासन से पर्याप्त बल, महिला पुलिस और अग्निशमन विभाग की मौजूदगी सुनिश्चित करने को कहा है। साथ ही बिजली और टेलीफोन सेवाओं को भी आवश्यकतानुसार अस्थायी रूप से बंद करने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासन का कहना है कि आसनसोल में सरकारी जमीन पर किसी भी तरह का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और तय समय के बाद बड़े पैमाने पर बुलडोजर कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा