home page

आसनसोल में सरकारी जमीन पर बने टीएमसी कार्यालय पर चला बुलडोजर

 | 
आसनसोल में सरकारी जमीन पर बने टीएमसी कार्यालय पर चला बुलडोजर


पश्चिम बर्दवान, 30 मई (हि.स.)।

आसनसोल के आश्रम मोड़ क्षेत्र में शुक्रवार सुबह प्रशासन ने सरकारी जमीन पर बने एक कथित अवैध तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) कार्यालय को ध्वस्त कर दिया। नगर निगम द्वारा पूर्व में नोटिस जारी किए जाने के बावजूद निर्धारित समय के भीतर निर्माण नहीं हटाए जाने पर यह कार्रवाई की गई।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, संबंधित कार्यालय सरकारी भूमि पर अतिक्रमण कर बनाया गया था। नगर निगम ने जांच के बाद इसे अवैध निर्माण घोषित करते हुए हटाने का निर्देश दिया था। नोटिस की अवधि समाप्त होने के बाद भी निर्माण जस का तस रहने पर प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में बुलडोजर चलाकर ढांचे को गिरा दिया गया। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे और किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।

उल्लेखनीय है कि बर्नपुर क्षेत्र में भी सेल-आईएसपी प्रबंधन की ओर से अतिक्रमण विरोधी अभियान लगातार चलाया जा रहा है। हाल के दिनों में कई अवैध निर्माणों को हटाया गया है, जिससे सरकारी भूमि पर अवैध कब्जों के खिलाफ प्रशासन के सख्त रुख का संदेश गया है।

इस कार्रवाई के बाद विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक संगठनों ने मांग उठाई है कि नगर निगम क्षेत्र में सरकारी जमीन पर बने अन्य अवैध कार्यालयों, क्लबों और संस्थानों के खिलाफ भी समान रूप से कार्रवाई की जाए। लोगों का कहना है कि कानून का पालन बिना किसी भेदभाव के सभी के लिए सुनिश्चित होना चाहिए।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा स्वीकार नहीं किया जाएगा और अतिक्रमण हटाने का अभियान आगे भी जारी रहेगा। अधिकारियों के अनुसार, शहर के विभिन्न हिस्सों में अवैध कब्जों की पहचान कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा