home page

लगातार बारिश से काली पहाड़ी में राहत अभियान, कच्चे मकानों में पहुंचाई गई राहत सामग्री

 | 
लगातार बारिश से काली पहाड़ी में राहत अभियान, कच्चे मकानों में पहुंचाई गई राहत सामग्री


पश्चिम बर्दवान, 18 अगस्त (हि. स.)। आसनसोल और आसपास के क्षेत्रों में सोमवार से लगातार हो रही भारी बारिश के कारण लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। खासकर कच्चे मकानों में रहने वाले परिवारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई घरों में बारिश का पानी घुस गया है।

स्थिति को देखते हुए मंगलवार को आसनसोल नगर निगम के कमिश्नर के नेतृत्व में निगम की टीम ने काली पहाड़ी इलाके का दौरा किया। टीम ने बारिश से प्रभावित कच्चे मकानों में रहने वाले परिवारों से मुलाकात कर उन्हें तिरपाल समेत अन्य राहत सामग्री उपलब्ध कराई। नगर निगम की ओर से प्रभावित लोगों के लिए भोजन की भी व्यवस्था की गई।

नगर निगम के कमिश्नर दिलीप मिश्रा ने बताया कि लगातार बारिश के कारण काली पहाड़ी इलाके में कच्चे मकानों में रहने वाले लोगों को काफी परेशानी हुई है। कई घरों में पानी घुस गया था। प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत पहुंचाने के लिए तिरपाल और अन्य जरूरी सामग्री दी गई है।

उन्होंने बताया कि हाउसिंग विभाग की एक टीम ने भी इलाके का जायजा लिया है। जिन परिवारों को प्राथमिकता के आधार पर पक्के आवास की जरूरत है, उनके नाम पंजीकृत किए गए हैं। उम्मीद है कि जल्द ही पात्र परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

वहीं, भाजपा नेता प्रशांत चक्रवर्ती ने बताया कि राज्य की मंत्री अग्निमित्रा पाल फिलहाल बाढ़ की स्थिति का जायजा लेने हल्दिया में हैं। उन्होंने वहीं से आसनसोल दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में बारिश और बाढ़ से प्रभावित लोगों तक राहत पहुंचाने के लिए नगर निगम के कमिश्नर दिलीप मिश्रा को निर्देश दिया है।

प्रशांत चक्रवर्ती के मुताबिक, मंत्री के निर्देश पर नगर निगम के कमिश्नर के नेतृत्व में टीम काली पहाड़ी पहुंची और प्रभावित लोगों को राहत सामग्री उपलब्ध कराई। उन्होंने कहा कि इस राहत अभियान में वह भी नगर निगम की टीम के साथ हैं और प्रभावित परिवारों तक मदद पहुंचाने में हरसंभव योगदान देने का प्रयास कर रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा