home page

जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र घोटाला : आसनसोल नगर निगम के बोरो कार्यालयों में पुलिस की पड़ताल

 | 
जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र घोटाला : आसनसोल नगर निगम के बोरो कार्यालयों में पुलिस की पड़ताल


आसनसोल, 23 जुलाई (हि.स.)।

आसनसोल नगर निगम के बर्नपुर और कुल्टी बोरो कार्यालयों में गुरुवार को पुलिस ने दबिश दी। कार्रवाई के दौरान आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के कई वरिष्ठ अधिकारी दोनों कार्यालयों में पहुंचे और दस्तावेजों की गहन जांच की। अधिकारियों ने कार्यालय के कर्मचारियों एवं संबंधित अधिकारियों से विभिन्न विषयों पर पूछताछ भी की।

सूत्रों के अनुसार, बर्नपुर स्थित बोरो-7 कार्यालय से पुलिस टीम कई महत्वपूर्ण दस्तावेज अपने साथ लेकर गई है। हालांकि किस मामले की जांच के तहत यह कार्रवाई की गई और किन दस्तावेजों को जब्त या जांच के लिए लिया गया, इस संबंध में पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। कार्रवाई के कारणों को लेकर दिनभर विभिन्न तरह की चर्चाएं होती रहीं।

इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए राज्य की महिला एवं शिशु विकास तथा शहरी विकास मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में जन्म एवं मृत्यु प्रमाणपत्र बनाने की प्रक्रिया में बड़े पैमाने पर कथित अनियमितताएं हुई थीं। उनका आरोप था कि ऐसे कई लोगों के भी जन्म प्रमाणपत्र बनाए गए, जो भारत के नागरिक नहीं थे।

मंत्री ने आरोप लगाया कि यह सब वोट बैंक की राजनीति के उद्देश्य से किया गया ताकि ऐसे लोगों को भारतीय नागरिक के रूप में पहचान दिलाई जा सके और चुनावी लाभ हासिल किया जा सके। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार इस व्यवस्था में व्यापक बदलाव कर रही है।

अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि जन्म एवं मृत्यु प्रमाणपत्र जारी करने की प्रक्रिया के नियमों में बदलाव किया जा रहा है, ताकि पूरी जांच-पड़ताल के बाद ही प्रमाणपत्र जारी हो और कोई भी अयोग्य व्यक्ति इसका लाभ न उठा सके। उन्होंने कहा कि सरकार पारदर्शिता सुनिश्चित करने और किसी भी प्रकार की अनियमितता पर रोक लगाने के लिए आवश्यक कदम उठा रही है।

फिलहाल पुलिस की इस कार्रवाई के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। अधिकारियों की ओर से भी इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। ऐसे में अब सभी की नजर जांच के अगले चरण और पुलिस की आधिकारिक जानकारी पर टिकी हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा