home page

आसनसोल नगर निगम की बोर्ड बैठक, चुनावी आचार संहिता के बीच नए फैसलों पर लगी रोक

 | 
आसनसोल नगर निगम की बोर्ड बैठक, चुनावी आचार संहिता के बीच नए फैसलों पर लगी रोक


आसनसोल, 25 मार्च (हि. स.)। आसनसोल नगर निगम में बुधवार को इस महीने की बोर्ड बैठक आयोजित की गई। बैठक में निगम के चेयरमैन अमरनाथ चटर्जी, डिप्टी मेयर वसीम उल हक, एमएमआईसी गुरदास चटर्जी, बोरो चेयरमैन और विभिन्न वार्डों के पार्षद मौजूद रहे।

बैठक में नगर निगम क्षेत्र में नागरिक सुविधाओं को सुचारू रूप से बनाए रखने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। हालांकि, चुनावी माहौल और आचार संहिता लागू होने के कारण इस बार कोई नया फैसला नहीं लिया जा सका।

पत्रकारों से बातचीत में चेयरमैन अमरनाथ चटर्जी ने बताया कि चुनाव आचार संहिता लागू होने के चलते बोर्ड बैठक में कोई नई योजना या निर्णय नहीं लिया गया, क्योंकि इससे विपक्ष सवाल खड़ा कर सकता है। उन्होंने कहा कि बैठक में मुख्य रूप से इस बात पर विचार किया गया कि मौजूदा बुनियादी सुविधाओं को कैसे बेहतर तरीके से जारी रखा जाए।

उन्होंने आगे बताया कि आने वाले गर्मी के मौसम को देखते हुए पानी की आपूर्ति और सेनिटेशन व्यवस्था को दुरुस्त बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया है, ताकि लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो।

वहीं एमएमआईसी गुरदास चटर्जी ने विपक्ष के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि गर्मी के मौसम में पानी की कमी होना अस्वाभाविक नहीं है। इसके बावजूद नगर निगम की ओर से जलापूर्ति को सामान्य बनाए रखने की पूरी कोशिश की जा रही है।

उन्होंने कहा कि विपक्ष के लिए आलोचना करना आसान है, लेकिन जिम्मेदारी के साथ काम करना चुनौतीपूर्ण होता है, जिसे तृणमूल कांग्रेस संचालित नगर निगम निभा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा