अस्पताल से एंबुलेंस में पहुंचीं मिताली बाग, बोलीं– गला काट दें फिर भी ‘जय बांग्ला’
हुगली, 29 अप्रैल (हि. स.)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के दूसरे चरण में हुगली जिले के आरामबाग से तृणमूल कांग्रेस सांसद मिताली बाग अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद सीधे एंबुलेंस से मतदान केंद्र पहुंचीं। बुधवार दोपहर आरामबाग के वार्ड नंबर 139 के बूथ पर उन्होंने मतदान किया। स्वास्थ्य ठीक न होने के कारण उन्हें व्हीलचेयर पर बैठाकर बूथ के अंदर ले जाया गया।
वोट डालने के बाद मिताली बाग ने कहा कि अगर उनका गला भी काट दिया जाए, तब भी वह “जय बांग्ला” का नारा लगाती रहेंगी। उन्होंने विश्वास जताया कि ममता बनर्जी के नेतृत्व में राज्य में फिर से तृणमूल कांग्रेस की सरकार बनेगी।
उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्रीय सुरक्षा बल भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में काम कर रहे हैं और आम लोगों को डराकर भाजपा को वोट देने के लिए दबाव डाला जा रहा है।
दरअसल, चुनाव प्रचार के आखिरी दिनों में मिताली बाग पर हमला हुआ था। वह तृणमूल के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बैनर्जी की सभा में जा रही थीं, तभी रास्ते में कुछ लोगों ने उनकी कार पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस हमले में वह घायल हो गई थीं और उन्हें आरामबाग मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

