सागरदिघी में आमबागान से बरामद 18 ताजा बम
मुर्शिदाबाद, 27 फ़रवरी (हि. स.)। जिले के सागरदिघी थाना के मनिग्राम क्षेत्र के आदिकांतनगर गांव में सड़क किनारे आमबागान से करीब 18 ताजा बम बरामद हुए। दो कपड़े के झोलों के भीतर विस्फोटक सामग्री रखी हुई थी। जैसे ही घटना की सूचना फैली इलाके में व्यापक तनाव फैल गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गुप्त सूचना मिलने पर शुक्रवार भोर रात करीब 2:15 बजे सागरदिघी थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। आमबागान को घेरकर तलाशी चलाने पर दो बैगों में बम रखे होने के प्रमाण मिले। इसके बाद पुलिस ने तुरंत इलाके को घेर लिया।
घटना के बाद बम स्क्वॉड को खबर दी गई। मौके पर दमकल की एक गाड़ी भी पहुंची। सुरक्षा के मद्देनज़र विस्फोटकों को निष्क्रिय करने की प्रक्रिया शुरू की गई। किसने और किन कारणों से उस इलाके में बम जमा कर रखे थे, इसकी जांच पुलिस कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

