जलपाईगुड़ी: दिवाली से पहले अमरपुर चाय बागान बंद, संकट में श्रमिक
जलपाईगुड़ी, 05 नवंबर (हि.स.)। दुर्गा पूजा के बकाया बोनस की मांग को लेकर श्रमिकों द्वारा किए जा रहे विरोध-प्रदर्शन के बीच जलपाईगुड़ी स्थित अमरपुर चाय बागान को बंद कर दिया गया है। जिससे दिवाली से ठीक पहले श्रमिकों में गंभीर संकट पैदा हो गया है। गुरुवार सुबह जब मजदूर काम पर पहुंचे, तो उन्होंने बागान के मुख्य द्वार पर ताला लटका देखा। इसके साथ ही गेट पर काम बंदी (सस्पेंशन ऑफ वर्क) का नोटिस भी चस्पा था। इस अचानक हुई तालाबंदी से बागान के लगभग 300 श्रमिकों और उनके परिवारों के सामने रोजी-रोटी का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
श्रमिकों का कहना है कि वे सरकार द्वारा निर्धारित 20 प्रतिशत की दर से दुर्गा पूजा बोनस की मांग लंबे समय से कर रहे थे। श्रम विभाग के साथ हुई बैठक में सहमति बनने के बाद, प्रबंधन ने पूजा से पहले 13.80 प्रतिशत की दर से बोनस का भुगतान किया था। श्रमिकों का दावा है कि बाकी 6.20 प्रतिशत बोनस का भुगतान दिवाली से पहले करने का आश्वासन दिया गया था।
हालांकि, तय समय सीमा के भीतर बकाया बोनस का भुगतान न होने पर श्रमिकों ने पिछले कुछ दिनों से आंदोलन शुरू कर दिया था।
इसी बीच गुरुवार सुबह जब वे काम पर लौटे तो बागान के मुख्य द्वार पर ताला और काम बंदी का नोटिस देखकर वे हैरान रह गए।
त्योहारों के मौसम में बोनस की बकाया राशि न मिलने और अचानक बागान बंद होने से मजदूरों के घर का चूल्हा जलना भी मुश्किल हो गया है। श्रमिकों का कहना है कि इस स्थिति में उनका जीवन यापन पूरी तरह अनिश्चित हो गया है।
बागान को जल्द से जल्द दोबारा खुलवाने और अपना बकाया हक पाने के लिए श्रमिकों ने अब श्रम विभाग, जिलाधिकारी और मुख्यमंत्री से गुहार लगाने का फैसला किया है। फिलहाल दिवाली के इस माहौल में अमरपुर चाय बागान के सैकड़ों मजदूर और उनके परिजन स्थिति सामान्य होने का इंतजार कर रहे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

