home page

विस चुनाव 2026: वाम-आईएसएफ गठबंधन में दरार, पांशकुड़ा और नंदीग्राम में टकराव

 | 
विस चुनाव 2026: वाम-आईएसएफ गठबंधन में दरार, पांशकुड़ा और नंदीग्राम में टकराव


मेदिनीपुर, 21 मार्च (हि.स.)।

आगामी विधानसभा चुनावों में वामफ्रंट और आईएसएफ के बीच सीट बंटवारे को लेकर टकराव खुलकर सामने आ गया है। जहां अधिकांश सीटों पर दोनों दलों में सहमति बनी थी, वहीं पूर्व मेदिनीपुर के नंदीग्राम और पांशकुड़ा पश्चिम में मामला बिगड़ गया है। इन दोनों सीटों पर वामफ्रंट द्वारा प्रत्याशी घोषित किए जाने के बावजूद आईएसएफ ने भी अपने उम्मीदवार उतारने का ऐलान कर दिया है, जिससे गठबंधन में खटास बढ़ गई है।

पांशकुड़ा पश्चिम सीट पर आईएसएफ ने तृणमूल कांग्रेस के दिवंगत नेता कुर्बान शाह के भाई अफजल शाह को उम्मीदवार बनाने की इच्छा जताई थी। हालांकि इस पर सहमति नहीं बन पाने के कारण वामफ्रंट ने यहां से सीपीएम के पूर्व मेदिनीपुर जिला सचिव निरंजन सिही को मैदान में उतार दिया। खास बात यह है कि करीब 46 वर्षों बाद इस सीट पर सीपीआई के बजाय सीपीएम ने अपना उम्मीदवार उतारा है।

इतिहास के अनुसार, 1977 के विधानसभा चुनाव में इस सीट से सीपीआई के उम्मीदवार उमर अली विजयी हुए थे। इसके बाद लंबे समय तक यह सीट सीपीआई के पास रही और वामफ्रंट में शामिल होने के बाद सीपीएम ने यहां से उम्मीदवार नहीं दिया। 1980 से लेकर 2011 तक यह सीट सीपीआई के कब्जे में रही, लेकिन इस बार समीकरण बदल गए हैं।

वामफ्रंट के अध्यक्ष विमान बसु ने समय रहते पांशकुड़ा पश्चिम सीट पर प्रत्याशी की घोषणा कर दी। वहीं आईएसएफ के प्रमुख नुसाद सिद्दीकी ने कहा कि उनकी पार्टी नंदीग्राम और पांशकुड़ा पश्चिम दोनों सीटों पर उम्मीदवार उतारेगी। इसको लेकर वामफ्रंट को पत्र भी भेजा गया है।

सीपीआईएम नेता निरंजन सिही ने स्पष्ट किया कि अफजल शाह कभी आईएसएफ के सदस्य नहीं रहे हैं, इसलिए उन्हें उम्मीदवार मानने का सवाल ही नहीं उठता। उन्होंने कहा कि अगर आईएसएफ अपने रुख पर अड़ा रहता है, तो यह मुकाबला ‘दोस्ताना लड़ाई’ के रूप में होगा।

नंदीग्राम में भी स्थिति समान है, जहां सीपीआई ने अपना उम्मीदवार उतारा है। महिषादल सीट आईएसएफ को दी गई है, लेकिन बाकी सीटों को लेकर दोनों दलों में अभी भी सहमति नहीं बन पाई है।

इस विवाद ने बामफ्रंट-आईएसएफ गठबंधन की एकजुटता पर सवाल खड़े कर दिए हैं, जबकि चुनाव नजदीक आते ही राजनीतिक सरगर्मी और तेज हो गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता