आवास योजना में अवैध वसूली का आरोप, लाभार्थियों का प्रदर्शन
कूचबिहार, 26 जून (हि. स.)। जिले के मथाभांगा दो नंबर ब्लॉक के पारडुबी ग्राम पंचायत क्षेत्र में शुक्रवार को आवास योजना के तहत घर दिलाने के नाम पर कटमनी लेने के आरोप को लेकर भारी विरोध प्रदर्शन हुआ। मटियारकुठी इलाके के करीब सौ से अधिक लाभार्थियों ने रैली निकालकर ग्राम पंचायत की उपप्रधान और तृणमूल नेता पूर्णिमा बर्मन के घर के सामने जमकर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि आवास योजना के तहत घर दिलाने का वादा कर स्थानीय तृणमूल नेताओं के एक वर्ग ने उनसे मोटी रकम वसूली।
लाभार्थियों का कहना है कि किसी से 30 हजार, किसी से 20 हजार, तो किसी से दस हजार रुपये तक लिए गए। लंबे समय बीतने के बावजूद न तो घर मिला और न ही कोई काम शुरू हुआ। जिससे लोगों का गुस्सा फूट पड़ा।
प्रदर्शनकारी बाद में तृणमूल के बूथ अध्यक्ष अरुण दास के घर की ओर भी गए और वहां भी विरोध जताया। उन्होंने साफ कहा कि अवैध रूप से लिया गया पैसा तुरंत लौटाया जाए और दोषियों को गिरफ्तार किया जाए।
प्रदर्शन के दौरान लोगों ने नारेबाजी की और हाथों में पोस्टर लेकर विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि अगर उनकी मांगें जल्द पूरी नहीं हुईं तो वे आने वाले दिनों में ‘अंडा थेरेपी’ आंदोलन शुरू करेंगे। लाभार्थियों ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

