चुनाव 26 : सिलीगुड़ी में ‘छप्पा वोट’ का आरोप, राजनीतिक पार्टियों ने जताया विरोध
सिलीगुड़ी, 23 अप्रैल (हि. स.)। कड़ी सुरक्षा और केंद्रीय बलों की मौजूदगी के बावजूद ‘छप्पा वोटिंग’ (प्रॉक्सी वोटिंग) के आरोप सामने आए है। शहर के अलग-अलग इलाकों में वोट चोरी की शिकायतों से हड़कंप मच गया है और राजनीतिक पार्टियों ने इस पर विरोध जताया है।
मिली जानकारी के मुताबिक, गुरुवार सुबह भारतनगर के एक बूथ पर पहली बार वोट देने पहुंची स्थानीय निवासी काजल दास को बताया गया कि उनका वोट पहले ही डाला जा चुका है। इस पर हैरान और नाराज़ काजल ने कहा कि इतनी सुरक्षा के बावजूद अगर कोई और उनका वोट दे सकता है, तो यह बेहद चिंताजनक है।
घटना की खबर पाकर भाजपा उम्मीदवार शंकर घोष मौके पर पहुंचे और वोटर को साथ लेकर दोबारा बूथ गए। हालांकि, मतदान कर्मियों ने सफाई देते हुए कहा कि संभवतः वोटर स्लिप की अदला-बदली के कारण यह समस्या हुई। लेकिन इस जवाब से राजनीतिक हलकों में संतोष नहीं है और पूरे मामले पर सवाल उठ रहे है।
इसी तरह, सिलीगुड़ी के वार्ड नंबर एक के 49 नंबर बूथ पर भी राकेश साहनी नामक एक मतदाता को बताया गया कि उनका वोट पहले ही पड़ चुका है। इस पर उन्होंने बूथ के अंदर ही विरोध जताया, जिसके बाद उनके परिवार और स्थानीय लोगों में भी नाराजगी फैल गई। घटना की जानकारी मिलने पर तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार गौतम देव भी मौके पर पहुंचे और मतदान कर्मियों से जवाब तलब किया। उन्होंने सवाल उठाया कि इतनी कड़ी सुरक्षा के बीच यह कैसे संभव है कि किसी और ने किसी का वोट डाल दिया।
गौतम देव के पहुंचने के बाद बूथ परिसर में तनाव बढ़ गया। तृणमूल की ओर से आरोप लगाया गया कि इलाके में डर का माहौल बनाकर मतदाताओं को प्रभावित किया जा रहा है। स्थिति को संभालने के लिए पुलिस और केंद्रीय बलों को हस्तक्षेप करना पड़ा, जिसके कारण कुछ समय के लिए मतदान प्रक्रिया बाधित रही। हालांकि, राकेश साहनी अंततः वोट डाल पाए या नहीं, इसे लेकर अब भी स्थिति स्पष्ट नहीं है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

