आईएसएफ उम्मीदवार अराबुल इस्लाम की कार पर हमला, आरोप तृणमूल पर
कैनिंग (दक्षिण 24 परगना), 21 अप्रैल (हि. स.)। कैनिंग पूर्व से इंडियन सेक्युलर फ्रंट
(आईएसएफ) उम्मीदवार अराबुल इस्लाम की कार पर हमला करने का आरोप तृणमूल कांग्रेस पर लगा है। घटना मंगलवार सुबह कैनिंग पूर्व विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत बेडेमारी बाजार में हुई।
आरोप है कि जब आईएसएफ कार्यकर्ता पार्टी का झंडा लगा रहे थे उसी समय उनकी पिटाई की गई। खबर पाकर अराबुल इस्लाम मौके पर पहुंचे। इसके विरोध में अराबुल ने घटकपुकुर चौराहे पर बसंती हाईवे को जाम कर दिया। उन्होंने आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग की।
हालांकि, तृणमूल ने हमले के आरोपों से इनकार किया है।
अराबुल इस्लाम ने कहा कि वहां लोगों को वोट देने में बाधा दी जाती है। हमारे उम्मीदवार पर हमले किए जाते हैं। मुझे अब तक इस पर यकीन नहीं था। लेकिन जब मुझ पर हमला हुआ, तो मुझे सबूत मिल गया।
इस घटना को लेकर देउली इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। आरोप है कि पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश करते हुए स्थानीय लोगों पर लाठीचार्ज किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गंगा

