आवास योजना में ‘अवैध वसूली’ लेने का आरोप, ग्रामीणों का प्रदर्शन
कूचबिहार, 23 जून (हि. स.)। आवास योजना में कथित ‘अवैध वसूली’ को लेकर मंगलवार को जिले के माथाभांगा दो नंबर ब्लॉक अंतर्गत पारडुबी ग्राम पंचायत के ग्यारह माइल इलाके में भारी तनाव की स्थिति बन गई। स्थानीय लाभार्थियों ने तृणमूल कांग्रेस के पूर्व पंचायत सदस्य और स्थानीय नेता आनंद दे के घर के सामने जोरदार प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि आवास योजना के तहत घर दिलाने के नाम पर आनंद दे ने कई लोगों से मोटी रकम वसूले थे। काफी समय बीतने के बावजूद वह पैसा वापस नहीं किया गया, जिससे नाराज होकर ग्रामीण सड़क पर उतरने को मजबूर हुए। मंगलवार को बड़ी संख्या में लोग एकत्र होकर आरोपित नेता के घर के सामने अवैध वसूली की रकम तत्काल लौटाने की मांग करने लगे।
ग्रामीणों का कहना है कि सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के नाम पर आम लोगों से अवैध रूप से पैसे लिए गए, जो पूरी तरह अनुचित है।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही पैसे वापस नहीं किए गए, तो वे और बड़ा आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।
सूत्रों के अनुसार, ग्रामीणों के दबाव के चलते आरोपित नेता ने पांच दिन का समय मांगा है और अवैध वसूली वापस करने का आश्वासन दिया है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

