home page

राशन उठाकर फिर डीलर को ही बेचने का आरोप, दो हिरासत में

 | 
राशन उठाकर फिर डीलर को ही बेचने का आरोप, दो हिरासत में


कूचबिहार, 09 अगस्त (हि. स.)। सरकारी योजना के तहत लाभार्थियों को मिलने वाले राशन को उठाकर उसी डीलर को दोबारा बेचने के सनसनीखेज मामले से रविवार को इलाके में हड़कंप मच गया। यह घटना माथाभांगा-2 ब्लॉक के पारडुबी ग्राम पंचायत के एगारोमाइल इलाके की बताई जा रही है।

रविवार को स्थानीय लोगों के विरोध के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को हिरासत में लेकर थाने ले गई। घटना के बाद पूरे इलाके में भारी तनाव का माहौल है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि लंबे समय से कुछ बेईमान राशन उपभोक्ता सरकारी दुकान से राशन लेने के बाद उसे बाहर बेच देते हैं। इस पूरे खेल के पीछे दलालों, थोक खरीदारों और बिचौलियों का एक बड़ा नेटवर्क काम कर रहा है।

स्थानीय निवासी अनुकूल मंडल, ननीगोपाल दास और सत्येन बर्मन ने प्रशासन की लापरवाही को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया है।

लोगों का कहना है कि राशन वितरण के तुरंत बाद डीलर के लोग या दलाल कम दाम में अनाज खरीद लेते हैं और बाद में उसे ऊंचे दाम पर कहीं और बेच देते हैं। इस घटना के विरोध में स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के स्थानीय नेता दिलीप विश्वशर्मा ने भी पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।

हालांकि, सभी आरोपों को खारिज करते हुए संबंधित राशन डीलर सुशील भौमिक ने कहा कि हमारी दुकान में पूरी तरह नियमों के अनुसार राशन वितरण होता है। हमारे खिलाफ लगाए गए सभी आरोप बेबुनियाद हैं। रविवार को जब एक बाहरी व्यक्ति राशन खरीद रहा था। तब हमने खुद उसका विरोध किया, जिससे नाराज होकर हमारे खिलाफ साजिश रची जा रही है।

घटना की सूचना पाकर घोकसाडांगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने राशन दुकान के एक कर्मचारी और एक खरीदार को हिरासत में लिया है।

पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है।

ब्लॉक खाद्य विभाग ने भी कहा है कि मामले को गंभीरता से लिया गया है। इसकी जांच कर उच्च अधिकारियों को रिपोर्ट भेजी जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार