सरकारी स्कूल परिसर बेचने का आरोप, तृणमूल पार्षद के खिलाफ स्थानीय लोगों का प्रदर्शन
कोलकाता, 25 नवंबर (हि. स.)। सरकारी स्कूल बेचकर रुपये हड़पने का आरोप लगाते हुए तृणमूल कांग्रेस पार्षद के खिलाफ स्थानीय लोगों ने केष्टोपुर में विरोध प्रदर्शन किया। बुधवार को केष्टोपुर स्थित े विधाननगर नगर निगम के 17 नंबर वार्ड में इस घटना को लेकर तनाव का माहौल देखने को मिला। हालांकि, प्रदर्शन के दौरान संबंधित पार्षद का पता नहीं चल सका है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि करीब 14-15 साल पहले इलाके के एक आंगनबाड़ी स्कूल में अचानक आग लग गई थी। इसके बाद से स्कूल की इमारत जर्जर हालत में पड़ी थी। आरोप है कि तृणमूल पार्षद आशुतोष नंदी ने इसी स्कूल को किसी अन्य व्यक्ति के हाथों बेच दिया। फिलहाल स्कूल के बच्चों की पढ़ाई इलाके के एक जर्जर क्लब में कराई जा रही है। इससे बच्चों की सुरक्षा को लेकर अभिभावक और स्थानीय लोग चिंतित हैं।
स्थानीय लोगों का दावा है कि स्कूल की पुरानी जमीन पर अब एक कार्यालय का निर्माण कर दिया गया है। आरोप है कि पार्षद ने जिस व्यक्ति को स्कूल बेचा था, उसी ने वहां कार्यालय बनवाया है। बुधवार को इसी कार्यालय के सामने स्थानीय लोगों ने प्रदर्शन किया और पार्षद के खिलाफ नारेबाजी की।
एक स्थानीय निवासी ने आरोप लगाया कि इलाके में अधिकतर लोग गरीब परिवारों से हैं और बच्चों की पढ़ाई के लिए पहले यहां स्कूल मौजूद था। आग लगने के बाद कुछ दिनों तक स्कूल बंद रहा, लेकिन बाद में पार्षद आशुतोष नंदी ने कथित तौर पर स्कूल बेच दिया। उन्होंने दावा किया कि स्कूल को 10 से 15 लाख रुपये में बेचे जाने की बात सामने आई है।
स्थानीय लोगों ने मांग की है कि बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्कूल को जल्द से जल्द उसके पुराने स्थान पर दोबारा शुरू किया जाए। फिलहाल इस मामले में पार्षद की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

