home page

मतदान केंद्र पर बुज़ुर्ग मतदाता की मौत, केंद्रीय बल के जवान पर धक्का देने का आरोप

 | 

हावड़ा, 29 अप्रैल (हि.स.)। दूसरे चरण के मतदान के दिन हावड़ा जिले के उदयनारायणपुर में कथित तौर पर केंद्रीय बल के एक जवान के धक्का देने से एक बुज़ुर्ग मतदाता की मौत पर हंगामा खड़ा हो गया। मृतक का नाम पूर्ण चंद्र दलुई (80) बताया गया है। वह उदयनारायणपुर के कुरिट गांव के निवासी थे।

आरोप है कि बूथ नंबर 245 पर वोटिंग के दौरान केंद्रीय बल के एक जवान के धक्का देने से उनकी तबीयत खराब हो गई। उन्हें अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, पूर्ण चंद्र दलुई बुधवार सुबह बलरामपुर प्राइमरी स्कूल में बने बूथ पर मतदान करने गए थे। उम्र होने के कारण वह ठीक से चल नहीं पा रहे थे। उनके बेटे ने अपने पिता के साथ बूथ के अंदर जाने की इजाज़त मांगी, लेकिन ड्यूटी पर तैनात केंद्रीय बल के जवान ने कथित तौर पर अनुरोध करने पर भी मना कर दिया।

परिवार का दावा है कि बार-बार कहने के बाद भी बुज़ुर्ग को अकेले अंदर जाने के लिए कहा गया। आरोप है कि वोटिंग में थोड़ी देर होने की वजह से जवान ने उन्हें धक्का देकर बाहर निकाल दिया। उसी समय पूर्णचंद्रबाबू गिर पड़े और बीमार पड़ गए। स्थानीय लोगों ने इस घटना की कड़ी निंदा की है और दोषी जवान के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गंगा