home page

पांच साल की बच्ची को दो बार डीपीटी का टीका लगाने का आरोप

 | 
पांच साल की बच्ची को दो बार डीपीटी का टीका लगाने का आरोप


कूचबिहार, 20 नवंबर (हि.स.)। कूचबिहार-2 ब्लॉक के महीषबाथान सु-स्वास्थ्य केंद्र में पांच साल की बच्ची को कथित तौर पर दो बार डीपीटी का टीका लगाने का मामला शुक्रवार को सामने आया है। परिवार का आरोप है कि पिछले महीने ही बच्ची को निर्धारित डीपीटी का टीका लगाया गया था। इसके बावजूद गुरुवार को स्वास्थ्य केंद्र से फोन कर उसे दोबारा बुलाया गया और फिर से वही टीका लगा दिया गया। इसके बाद से बच्ची की तबीयत बिगड़ने का दावा किया जा रहा है। शुक्रवार को परिवार ने स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर इस संबंध में जवाब मांगा, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। जिससे तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई।

परिवार के अनुसार, महीषबाथान निवासी नारायण चंद्र की पांच वर्षीय बेटी को पिछले महीने नियमित रूप सेष डीपीटी का टीका लगाया गया था। लेकिन गुरुवार को स्वास्थ्य केंद्र में कार्यरत आशा कर्मियों ने कथित तौर पर उसे दोबारा टीका लगा दिया। परिवार का यह भी आरोप है कि टीकाकरण के बाद बच्ची के टीकाकरण कार्ड में पिछले महीने की तारीख काटकर गुरुवार की नई तारीख दर्ज कर दी गई।घर लौटने के बाद बच्ची के रोने और परेशान होने पर उसकी मां को संदेह हुआ।

इसके बाद परिजन उसे स्थानीय एक निजी चिकित्सक के पास ले गए। शुक्रवार को परिवार ने स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर इस संबंध में जवाब मांगा, लेकिन उन्हें कोई संतोषजनक उत्तर नहीं मिला। जिससे पीड़ित परिवार नाराज गया और स्थिति तनावपूर्ण हो गई। घटना के बाद स्वास्थ्य कर्मियों की जिम्मेदारी और टीकाकरण के रिकॉर्ड के रखरखाव पर सवाल उठने लगे हैं। हालांकि, स्वास्थ्य केंद्र के किसी भी आशा कर्मी या स्वास्थ्य अधिकारी ने इस मामले पर टिप्पणी करने से इनकार किया है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार