home page

मिड-डे मील को लेकर विवाद, जलपाईगुड़ी जिला स्कूल में प्रधान शिक्षक की पिटाई का आरोप

 | 

जलपाईगुड़ी, 08 सितंबर (हि. स.)। शिक्षक दिवस के अवसर पर विशेष मिड-डे मील के आयोजन को लेकर जलपाईगुड़ी जिला स्कूल में मंगलवार को जमकर हंगामा हुआ। विवाद के दौरान स्कूल के प्रधान शिक्षक धर्मचंद बड़ाई के साथ छात्रों के एक समूह द्वारा मारपीट किए जाने का आरोप है। घटना में प्रधान शिक्षक के नाक और मुंह से रक्तपात की बात सामने आई है। बाद में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला।

जानकारी के अनुसार, शिक्षक दिवस के मौके पर स्कूल में विशेष मिड-डे मील का आयोजन किया गया था। आरोप है कि दसवीं कक्षा के कुछ छात्र मिड-डे मील कक्ष में जानकारी लेने पहुंचे थे। इसी दौरान प्रधान शिक्षक के साथ उनका विवाद हो गया।

छात्रों का आरोप है कि प्रधान शिक्षक ने उनके साथ मारपीट किया। घटना की जानकारी फैलते ही अन्य छात्र भी आक्रोशित हो गए। छात्रों ने ‘वी वांट जस्टिस’ के नारे लगाते हुए प्रधान शिक्षक का विरोध किया।

आरोप है कि छात्रों के एक समूह ने प्रधान शिक्षक को पीटा और उन्हें स्कूल परिसर से बाहर ले आया। मारपीट के दौरान वह जमीन पर गिर पड़े। विरोध कर रहे छात्रों ने स्कूल में लंबे समय से मिड-डे मील की गुणवत्ता खराब होने का आरोप लगाया। इसके अलावा मिड-डे मील की सामग्री में कथित तौर पर अनियमितता और चोरी का भी आरोप लगाया गया है। छात्रों ने प्रधान शिक्षक को तत्काल पद से हटाने की मांग की है।

घटना के बाद स्कूल परिसर में तनाव का माहौल बन गया। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। हालांकि, छात्रों द्वारा लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार