मालदा में मतगणना प्रक्रिया को लेकर सर्वदलीय बैठक, प्रशासन का कड़ा संदेश
मालदा, 02 मई (हि.स.)। चुनाव के बाद मतगणना केंद्रों की सुरक्षा और नियमों को लेकर शनिवार को मालदा में जिला प्रशासन और पुलिस की ओर से सर्वदलीय बैठक आयोजित की गई। जिला प्रशासनिक भवन में हुई इस बैठक में जिलाधिकारी राजनबीर सिंह कपूर और पुलिस अधीक्षक अनुपम सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इसके साथ ही विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भी हिस्सा लिया।
बैठक में मालदा के दो मतगणना केंद्र—मालदा कॉलेज और पॉलिटेक्निक कॉलेज—से जुड़ी अहम गाइडलाइंस साझा की गई।
प्रशासन के अनुसार, मालदा कॉलेज में पांच और पॉलिटेक्निक केंद्र में सात विधानसभा क्षेत्रों की मतगणना होगी।
निर्देश दिया गया कि सुबह सात बजे तक सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को निर्धारित प्रवेश द्वार से ही केंद्र में प्रवेश करना होगा। प्रवेश के समय चुनाव आयोग द्वारा जारी पहचान पत्र और जरूरी दस्तावेज दिखाना अनिवार्य रहेगा।
बैठक के दौरान ड्रोन से ली गई तस्वीरों को बड़े स्क्रीन पर दिखाकर प्रवेश और निकास व्यवस्था भी समझाई गई। प्रशासन ने पार्किंग, शौचालय सहित अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था की जानकारी भी दी।
जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने साफ कहा कि मतगणना के बाद किसी भी तरह की हिंसा या अशांति बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पूरे जिले में कड़ी निगरानी रखी जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

