ड्रोन कैमरे से पकड़ी गई अवैध गांजे की खेती, 50 घरों के आंगन से पौधे काटकर जलाए गए
अलीपुरद्वार, 06 नवंबर (हि. स.)। नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए फालाकाटा थाने की पुलिस ने अब आधुनिक तकनीक का सहारा लिया है। पुलिस ने ड्रोन कैमरे की मदद से घरों के आंगन में चोरी-छिपे की जा रही गांजे की खेती का पता लगाया। इसके बाद पुलिस की टीम ने एक-एक कर करीब 50 घरों में छापेमारी की और वहां उगाए गए गांजे के पौधों को काटकर मौके पर ही आग के हवाले कर दिया। शुक्रवार को पुलिस की इस विशेष कार्रवाई से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
फालाकाटा थाना सूत्रों के अनुसार, अलीपुरद्वार जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर इलाके में मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार निगरानी अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत शुक्रवार को फालाकाटा ब्लॉक के मयराडांगा, शालकुमार, देवगांव, जटेश्वर, गुआबरनगर और फालाकाटा-2 नंबर ग्राम पंचायत क्षेत्रों में पुलिस की कई टीमें ड्रोन कैमरों के साथ उतरी। ड्रोन कैमरे में कई घरों के आंगन में गांजे के पौधे उगाए जाने की तस्वीरें सामने आई। इसके बाद पुलिस ने संबंधित घरों में पहुंचकर कार्रवाई की। अभियान का नेतृत्व फालाकाटा थाना के आईसी तमाल दास ने भी किया।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, प्रत्येक ग्राम पंचायत क्षेत्र में औसतन आठ से दस घरों के आंगन में गांजे की खेती का पता चला। सभी इलाकों को मिलाकर करीब 50 घरों से गांजे के पौधे काटकर निकाले गए और मौके पर ही जला दिए गए। हालांकि, खुले में गांजे की खेती का कोई मामला सामने नहीं आया है। अभियान के बाद पुलिस ने संबंधित घरों के मालिकों को कड़ी चेतावनी दी है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में घर के आंगन या परिसर में अवैध रूप से गांजे की खेती करते पाए जाने पर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

