home page

जंगली हाथी का तांडव, कई घरों और फसलों को भारी नुकसान

 | 
जंगली हाथी का तांडव, कई घरों और फसलों को भारी नुकसान


अलीपुरद्वार, 13 मार्च (हि. स.)। जिले के फालाकाटा में गुरुवार देर रात हुई तेज बारिश और बिजली गुल होने का फायदा उठाकर एक जंगली हाथी जंगल से निकलकर रिहायशी इलाके में घुस आया और जमकर तांडव मचाया।

सूत्रों के अनुसार, जलदापाड़ा राष्ट्रीय उद्यान से निकला यह हाथी अलीपुरद्वार-1 ब्लॉक के शालकुमारहाट और फालाकाटा ब्लॉक के बंशीधरपुर गांव में कई घरों और खेतों को नुकसान पहुंचाकर चला गया। नयापाड़ा गांव के निवासी अतिन चंद्र राय के केले, मक्का और सुपारी के बागान के साथ-साथ आलू के खेत को हाथी ने पूरी तरह नष्ट कर दिया। इसके बाद हाथी ने कई घरों के रसोईघर की तोड़फोड़ की और चावल खा गया।

ग्रामीणों का आरोप है कि बारिश वाली रात में बिजली नहीं होने के कारण हाथियों की गतिविधि का पता नहीं चल सका। बाद में वन विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और हाथियों को वापस जंगल की ओर खदेड़ दिया।

जलदापाड़ा वन विभाग ने बताया कि नुकसान का आकलन किया जा रहा है और नियमों के अनुसार जल्द ही प्रभावित लोगों को मुआवजा दिया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार