home page

मोबाइल पर मिले मिले मौसम संबंधी अलर्ट से बंगाल के दो जिलों में हलचल

 | 
मोबाइल पर मिले मिले मौसम संबंधी अलर्ट से बंगाल के दो जिलों में हलचल


कोलकाता, 05 अगस्त (हि.स.)। मोबाइल पर मिले मौसम संबंधी अलर्ट से पश्चिम बंगाल के पश्चिम बर्दवान और बांकुड़ा जिलों में बुधवार को कुछ समय के लिए हलचल मच गई। दरअसल जिले के लाखों लोगों के मोबाइल फोन पर अचानक

एक्सट्रीमली सीवर अलर्ट और प्रेसीडेंशियल अलर्ट जैसे इमरजेंसी संदेश आने लगे जिससे लोग चिंतित हो उठे। हालांकि, यह अलर्ट केंद्र सरकार की आपदा चेतावनी प्रणाली के माध्यम से भेजा गया था जिसका उद्देश्य लोगों को संभावित खराब मौसम से पहले सतर्क करना था।

अलर्ट में बताया गया था कि अगले 2 से 3 घंटों के दौरान पश्चिम बर्दवान और बांकुड़ा जिले के कुछ हिस्सों में तेज आंधी, गरज के साथ बारिश, बिजली गिरने तथा 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। यह चेतावनी 5 अगस्त 2026 को दोपहर 3:40 बजे जारी की गई थी। यह किसी तकनीकी गड़बड़ी का मामला नहीं था, बल्कि मौसम संबंधी आपदा से पहले लोगों को सतर्क करने के लिए जारी किया गया आधिकारिक इमरजेंसी अलर्ट था।

मोबाइल स्क्रीन पर अचानक इस तरह का अलर्ट दिखाई देने से कई लोग पूरा संदेश ठीक से समझे बगैर ही घबरा गए और सोशल मीडिया पर इसकी तस्वीरें और स्क्रीनशॉट साझा कर आशंकाएं जताने लगे। प्रशासन की ओर से लोगों से अपील गई है कि खराब मौसम के दौरान खुले मैदान और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें, बिजली कड़कने के समय सुरक्षित स्थान पर रहें, अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें, मौसम विभाग और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा