home page

आकवान के असर से खेतों में पकी धान की फसल डूबी, फूलों की खेती को भी नुकसान की आशंका

 | 
आकवान के असर से खेतों में पकी धान की फसल डूबी, फूलों की खेती को भी नुकसान की आशंका


कोलकाता, 20 नवंबर (हि. स.)। चक्रवाती तूफान 'आकवान' के प्रभाव से दक्षिण बंगाल में लगातार हो रही बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। खेतों में पकी धान की फसल पड़ी है, लेकिन बारिश के कारण उसकी कटाई नहीं हो पा रही है। वहीं, पूर्व मेदिनीपुर के पांशकुड़ा और कोलाघाट में फूलों के बगीचों में पानी भर गया है। धान, फूलों के अलावा सर्दियों की सब्जियों, पान और तिलहन की खेती को भी नुकसान पहुंचने की आशंका है।

स्थिति को देखते हुए राज्य सरकार ने सभी जिलों के जिलाधिकारियों से नुकसान की विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। किसानों को फसल की क्षति की जानकारी 14447 नंबर पर फोन कर देने की सलाह दी गई है।

कृषि विभाग के अनुसार, मौसम में सुधार होते ही प्रभावित क्षेत्रों में सर्वेक्षण शुरू किया जाएगा। जिलाधिकारियों को फसल की क्षति और किसानों के आर्थिक नुकसान का विवरण जल्द भेजने का निर्देश दिया गया है। मुख्यमंत्री पहले ही प्राकृतिक आपदा से फसल को नुकसान होने पर किसानों को पर्याप्त मुआवजा देने का आश्वासन दे चुकी हैं।

कृषि विभाग के अनुसार, राज्य में अब तक औसतन करीब 40 प्रतिशत अमन धान की कटाई हुई है। शेष लगभग 60 प्रतिशत पकी फसल खेतों में खड़ी है। लगातार बारिश से धान खराब होने और खेतों में पानी जमा होने के कारण कटाई प्रभावित होने की आशंका है। इससे आलू की खेती के लिए खेत तैयार करने में भी देरी हो सकती है।

बारिश से पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर के फूल उत्पादक किसान भी चिंतित हैं। पांशकुड़ा और कोलाघाट के कई फूलों के बगीचों में पानी भर गया है। गुलदाउदी, गुलाब, गेंदा, रजनीगंधा और ग्लैडियोलस सहित कई फूलों की फसल को नुकसान पहुंचने की आशंका है। दिसंबर से शुरू होने वाले फूलों के कारोबार और पर्यटन पर भी इसका असर पड़ सकता है।

राज्य के कृषि मंत्री दुधकुमार मंडल ने कहा कि बेमौसम बारिश से धान और फूलों के साथ तिलहन उत्पादन भी प्रभावित हो सकता है। राज्य सरकार ने इस वर्ष हजारों हेक्टेयर जमीन पर तिलहन की खेती को बढ़ावा देने की तैयारी की थी। बारिश से इस योजना को झटका लगने की आशंका है।

चक्रवात के कारण दीघा और मंदारमणि के पर्यटन कारोबार पर भी असर पड़ने की आशंका है। पर्यटकों की सुरक्षा के लिए 19 से 21 नवंबर तक समुद्र में उतरने और स्नान करने पर रोक लगाई गई है। मछुआरों को भी गहरे समुद्र में जाने से मना किया गया है। पर्यटकों की आवाजाही घटने से होटल, रेस्तरां और स्थानीय कारोबार प्रभावित हो सकते हैं। खराब मौसम के कारण हावड़ा से वंदे भारत एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनें भी रद्द की गई हैं, जिससे यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है।

अकाल बारिश का असर केवल खेती तक सीमित नहीं है। दक्षिण बंगाल के ग्रामीण इलाकों में जलजमाव से किसानों के सामने फसल बचाने की चुनौती खड़ी हो गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता