हुमायूं कबीर की पार्टी के उम्मीदवार का पालाबदल, समर्थकों के साथ तृणमूल में हुए शामिल
आसनसोल, 18 अप्रैल (हि.स.)।
हुमायूं कबीर की नवगठित राजनीतिक पार्टी आम जनता उन्नयन पार्टी ( एजेयूपी) को बड़ा झटका लगा है। कुल्टी विधानसभा क्षेत्र से पार्टी के उम्मीदवार ताहिर खान ने अपने करीब 50 समर्थकों के साथ तृणमूल कांग्रेस का दामन थाम लिया है। इस घटनाक्रम ने चुनावी माहौल में हलचल पैदा कर दी है और एजेयूपी की रणनीति पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
आसनसोल में शनिवार को आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान ताहिर खान ने तृणमूल के वरिष्ठ नेता और आसनसोल उत्तर से उम्मीदवार मलय घटक की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। उनके इस फैसले को एजेयूपी के लिए बड़ा राजनीतिक झटका माना जा रहा है, खासकर ऐसे समय में जब पार्टी खुद को राज्य में तीसरी ताकत के रूप में स्थापित करने की कोशिश कर रही थी।
ताहिर खान ने अपने निर्णय को लेकर कहा कि उन्होंने एजेयूपी से चुनाव लड़ने का फैसला जल्दबाजी में लिया था, जिसे अब उन्होंने सुधार लिया है। उन्होंने कहा कि वह अब पूरी निष्ठा के साथ तृणमूल कांग्रेस के लिए काम करेंगे और ममता बनर्जी, अभिषेक बनर्जी तथा मलय घटक के नेतृत्व में आगे बढ़ेंगे।
इस घटनाक्रम के बाद एजेयूपी प्रमुख हुमायु कबीर की रणनीति और नेतृत्व क्षमता पर भी सवाल उठने लगे हैं। हालांकि इस मामले पर अब तक उनकी ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, जिससे राजनीतिक गलियारों में चर्चा और तेज हो गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

