home page

संशोधित : मंत्री अजय पोद्दार को महिला कर्मचारियों ने बांधी राखी, नबान्न में रक्षाबंधन का खास नजारा

 | 
संशोधित : मंत्री अजय पोद्दार को महिला कर्मचारियों ने बांधी राखी, नबान्न में रक्षाबंधन का खास नजारा


(पहले पैरा में संशोधन के साथ पुनः जारी)

कोलकाता, 26 अगस्त (हि. स.)। रक्षाबंधन के पावन अवसर पर मंगलवार शाम राज्य सचिवालय नबान्न में भाई-बहन के स्नेह और आत्मीयता का खास नजारा देखने को मिला। पीडब्ल्यूडी और पीएचई मंत्री अजय पोद्दार ने अपने कार्यालय में महिला कर्मचारियों के साथ रक्षाबंधन का त्योहार हर्षोल्लास के साथ मनाया।

इस मौके पर कार्यालय का माहौल पूरी तरह पारिवारिक नजर आया। महिला कर्मचारियों ने मंत्री अजय पोद्दार की कलाई पर राखी बांधी और माथे पर तिलक लगाकर उनकी लंबी उम्र एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की। मंत्री ने भी सभी महिला कर्मचारियों को उपहार देकर उनका आशीर्वाद लिया और रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।

रक्षाबंधन के अवसर पर मंत्री अजय पोद्दार ने प्रदेशवासियों को भी शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन केवल कलाई पर राखी बांधने का त्योहार नहीं, बल्कि आपसी प्रेम, विश्वास, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि ऐसे त्योहार लोगों के बीच रिश्तों को और मजबूत करते हैं। साथ ही, कार्यालय जैसे औपचारिक माहौल में भी पारिवारिक अपनापन और आत्मीयता का भाव पैदा करते हैं।

मंत्री ने कहा कि रक्षाबंधन हमें यह संदेश देता है कि समाज में प्रेम, सम्मान और भाईचारे की भावना बनी रहे। ऐसे पर्व लोगों को एक-दूसरे के करीब लाने और सामाजिक सौहार्द को मजबूत करने का काम करते हैं।

रक्षाबंधन समारोह के दौरान नबान्न में मौजूद महिला कर्मचारियों और अन्य कर्मचारियों के बीच भी खासा उत्साह देखने को मिला। पूरे कार्यक्रम के दौरान खुशी और आत्मीयता का माहौल बना रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गंगा