खड़गपुर में एटक का नौवां जिला सम्मेलन शुरू, निकाला गया जुलूस
खड़गपुर, 14 नवंबर (हि. स.)। ऑल इंडिया ट्रेड यूनियन कांग्रेस (एटक) के पश्चिम मेदिनीपुर जिला का दो दिवसीय नौवां सम्मेलन शनिवार को खड़गपुर में शुरू हुआ। यह सम्मेलन 15 नवंबर को समाप्त होगा।
सम्मेलन के अवसर पर इंदा स्थित थाना मोड़ से उद्घाटन जुलूस निकाला गया। इसमें सैकड़ों मजदूरों, कर्मचारियों और संगठन के कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।
जुलूस में शामिल लोगों के हाथों में एटक के लाल झंडे, गुब्बारे और बैनर थे। इस दौरान श्रमिकों ने श्रमिक विरोधी श्रम संहिताओं को रद्द करने, जिले में उद्योगों की स्थापना, रोजगार के अवसर बढ़ाने, आठ घंटे कार्य और काम के उचित पारिश्रमिक की मांग को लेकर नारे लगाए।
जुलूस ट्रैफिक स्थित गोलखोली दुर्गा मंदिर परिसर में पहुंचकर समाप्त हुआ। यहां कॉमरेड एनसी राय चौधरी नगर नाम से मुख्य सम्मेलन स्थल बनाया गया है। इस अवसर पर शहीद स्मारक पर माल्यार्पण कर दिवंगत श्रमिक नेताओं और शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई।
इसके बाद वाहन पर बनाए गए अस्थायी मंच से एटक नेताओं ने सभा को संबोधित किया। वक्ताओं ने केंद्र सरकार की श्रमिक नीतियों की आलोचना करते हुए श्रमिकों के अधिकारों और मांगों को लेकर आवाज उठाई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

