home page

अभिषेक बनर्जी पर हमले को लेकर तृणमूल ने भाजपा पर साधा निशाना

 | 
अभिषेक बनर्जी पर हमले को लेकर तृणमूल ने भाजपा पर साधा निशाना


कोलकाता, 31 मई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल की राजनीति में अभिषेक बनर्जी पर कथित हमले को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस ने अपने आधिकारिक फेसबुक पेज पर एक पोस्ट साझा करते हुए भाजपा पर गंभीर सवाल उठाए हैं।

शनिवार रात सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में तृणमूल ने दावा किया है कि सुष्मिता दत्ता नामक एक भाजपा कार्यकर्ता को कई वीडियो में तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद अभिषेक बनर्जी पर हमला करते हुए देखा गया है। पार्टी ने अपने पोस्ट में यह भी कहा कि सुष्मिता दत्ता की कई तस्वीरें भाजपा मंत्री अग्निमित्रा पाल और मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी समेत अन्य नेताओं के साथ मौजूद हैं।

पोस्ट में तृणमूल कांग्रेस ने सवाल उठाते हुए कहा कि क्या भाजपा नेताओं ने उन्हें इस तरह की हिंसक गतिविधियों के लिए प्रेरित किया था, या फिर उन्हें किसी प्रकार के राजनीतिक संरक्षण का भरोसा दिया गया था। पार्टी ने इस घटना को लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ बताते हुए भाजपा की राजनीतिक संस्कृति पर भी प्रश्नचिह्न लगाया।

तृणमूल ने अपनी पोस्ट में कहा कि राजनीति में वैचारिक मतभेद स्वाभाविक हैं, लेकिन किसी भी प्रकार की हिंसा लोकतंत्र के लिए चिंताजनक है। पार्टी ने आरोप लगाया कि इस तरह की घटनाएं राजनीतिक असहिष्णुता को बढ़ावा देती हैं और लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करती हैं।

वहीं, खबर लिखे जाने तक इस मामले में भाजपा की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी।

गौरतलब है कि शनिवार को सोनारपुर में अभिषेक बनर्जी पर हुए कथित हमले को लेकर राज्य की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। एक ओर भाजपा तृणमूल सरकार पर कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठा रही है, तो दूसरी ओर तृणमूल कांग्रेस इस घटना को भाजपा समर्थकों की राजनीतिक हिंसा से जोड़कर देख रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा