एड्स की रोकथाम में पश्चिम बंगाल की बड़ी उपलब्धि, बीरभूम को मिलेगा ‘सुरक्षित’ सम्मान
कोलकाता, 26 नवंबर (हि.स.)। एचआईवी संक्रमण की रोकथाम और संक्रमित मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के क्षेत्र में उल्लेखनीय सफलता के लिए पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया जाएगा। आगामी एक दिसंबर को विश्व एड्स दिवस के अवसर पर नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय बीरभूम को ‘सुरक्षित’ सम्मान प्रदान करेगा।
मंत्रालय की ओर से 23 नवंबर को जारी पत्र में बताया गया है कि ‘मोबिलाइजेशन फॉर एड्स सुरक्षा’ अभियान के तहत जिले ने 95-95-95 का लक्ष्य हासिल किया है। इस उपलब्धि के लिए बीरभूम के जिलाधिकारी धवल जैन और जिला स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के प्रयासों की सराहना की गई है।
95-95-95 लक्ष्य के तहत एचआईवी संक्रमित 95 प्रतिशत लोगों की पहचान, चिन्हित मरीजों में 95 प्रतिशत को एंटीरेट्रोवायरल उपचार और उपचाराधीन मरीजों में 95 प्रतिशत के शरीर में वायरस के स्तर को नियंत्रित करना शामिल है।
एक दिसंबर को दिल्ली के डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी के साथ मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी और जिला एड्स नियंत्रण अधिकारी को भी आमंत्रित किया गया है। यह सम्मान एचआईवी की रोकथाम, जांच और मरीजों के उपचार के क्षेत्र में जिले के प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

