home page

भीख मांगने से सम्मानजनक रोजगार की ओर बढ़ेंगे ट्रांसजेंडर, बनेगी ‘बृहन्नला ब्रिगेड’

 | 
भीख मांगने से सम्मानजनक रोजगार की ओर बढ़ेंगे ट्रांसजेंडर, बनेगी ‘बृहन्नला ब्रिगेड’


कोलकाता, 19 नवंबर (हि. स.)। ट्रांसजेंडर समुदाय को सम्मानजनक रोजगार उपलब्ध कराने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक नई पहल की जा रही है। इसके तहत ‘बृहन्नला ब्रिगेड’ गठित करने की योजना बनाई गई है। इस ब्रिगेड के सदस्य ट्रैफिक सिग्नलों पर लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ घर-घर जाकर नगर निगम के बकाया टैक्स संग्रह में भी सहयोग करेंगे।

मंत्री अग्निमित्रा पाल ने इस पहल की जानकारी देते हुए बताया कि इच्छुक ट्रांसजेंडर समुदाय के लोगों को दोनों कार्यों के लिए विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा और इसके बदले उन्हें मानदेय भी प्रदान किया जाएगा।

मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री की इच्छा है कि ट्रांसजेंडर समुदाय के लोगों को ट्रैफिक सिग्नलों पर भीख मांगने के बजाय सम्मानजनक आजीविका का विकल्प उपलब्ध कराया जाए। इसी उद्देश्य से ‘बृहन्नला ब्रिगेड’ बनाने की पहल की जा रही है। इस ब्रिगेड में शामिल होने के इच्छुक लोगों को पुलिस की ओर से प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके बाद उन्हें विभिन्न ट्रैफिक सिग्नलों पर तैनात किया जाएगा, जहां वे वाहन चालकों और आम नागरिकों को यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक करेंगे।

ब्रिगेड के सदस्य लोगों को हेलमेट पहनने, कार में सीट बेल्ट लगाने, वाहन से सड़क पर कचरा नहीं फेंकने और गाड़ी की खिड़की से थूकने जैसी आदतों से बचने का संदेश देंगे। उनका उद्देश्य लोगों में सड़क सुरक्षा और स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना होगा। इस जिम्मेदारी के बदले उन्हें निर्धारित मानदेय दिया जाएगा, ताकि उनके लिए रोजगार का सम्मानजनक अवसर तैयार हो सके।

इस पहल का दूसरा महत्वपूर्ण हिस्सा नगर निगम के बकाया टैक्स संग्रहण से जुड़ा है। मंत्री ने बताया कि नगर निगम में कर्मचारियों की कमी के कारण बकाया टैक्स वसूली का काम प्रभावित होता है। कई मामलों में बार-बार नोटिस भेजने के बावजूद अपेक्षित वसूली नहीं हो पाती। ऐसे में ट्रांसजेंडर समुदाय के इच्छुक सदस्यों को इस अभियान से जोड़ने की योजना है।

इसके तहत वे नगर निगम के निरीक्षकों के साथ घर-घर जाकर लोगों से बकाया टैक्स जमा करने का आग्रह करेंगे। इसके लिए उन्हें विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। उन्हें बताया जाएगा कि नागरिकों से किस तरह बातचीत करनी है, टैक्स भुगतान के लिए किस प्रकार आग्रह करना है और अपने दायित्वों का निर्वहन कैसे करना है। इस काम के लिए भी उन्हें मानदेय दिया जाएगा।

मंत्री के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य ट्रांसजेंडर समुदाय को केवल रोजगार उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि उन्हें सामाजिक सम्मान और आर्थिक आत्मनिर्भरता का अवसर देना भी है। साथ ही यातायात जागरूकता और नगर निगम के टैक्स संग्रहण जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने की कोशिश की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा