आसनसोल का प्रदूषण शून्य करने की दिशा में काम करना होगा : अग्निमित्रा
पश्चिम बर्दवान, 13 सितंबर (हि. स.)। बर्नपुर के भारती भवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मंत्री अग्निमित्रा पाल ने आसनसोल के प्रदूषण, रोजगार, औद्योगिक निवेश और राजनीतिक मुद्दों को लेकर कई महत्वपूर्ण बयान दिए। उन्होंने आसनसोल में बढ़ते प्रदूषण पर चिंता जताते हुए कहा कि प्रदूषण को केवल कम करने की कोशिश नहीं होनी चाहिए, बल्कि इसे शून्य तक लाने की दिशा में काम करना होगा।
उन्होंने मंगलपुर क्षेत्र की स्पंज आयरन फैक्ट्रियों से होने वाले प्रदूषण का मुद्दा उठाते हुए कहा कि वह इस संबंध में कई बार आवाज उठा चुकी हैं। उन्होंने कहा कि मंगलपुर के अलावा जामुड़िया और आसनसोल दक्षिण के कई क्षेत्रों में भी औद्योगिक प्रदूषण की समस्या सामने आती है। उनके अनुसार इन इलाकों से गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं को लेकर शिकायतें भी आती रही हैं।
अग्निमित्रा पाल ने कहा कि आसनसोल के एयर क्वालिटी इंडेक्स को लेकर भी गंभीरता से कदम उठाने की जरूरत है। वह इस मुद्दे पर मोटर विभाग और परिवहन मंत्री से बातचीत करेंगी। वाहनों के प्रदूषण प्रमाणपत्र और आवश्यक कागजात की जांच के साथ-साथ उद्योगों से संबंधित मामलों को लेकर उद्योग विभाग और संबंधित अधिकारियों से भी चर्चा की जाएगी।
उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक और मशीनों के जरिए औद्योगिक प्रदूषण को नियंत्रित किया जा सकता है। मशीनों की लागत अधिक होने के बावजूद जनता के स्वास्थ्य की कीमत पर उद्योगों को प्रदूषण फैलाने की अनुमति नहीं दी जा सकती। उद्योगों को मुनाफे के साथ लोगों के स्वास्थ्य की जिम्मेदारी भी समझनी होगी।
रोजगार के मुद्दे पर मंत्री ने कहा कि पिछले करीब 50 वर्षों से इस क्षेत्र के बच्चे और युवा रोजगार की तलाश में दूसरे राज्यों का रुख करते रहे हैं। स्थानीय स्तर पर पर्याप्त रोजगार नहीं मिलने के कारण बड़ी संख्या में युवा केरल और अन्य राज्यों में काम करने जाते हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में ही रोजगार के अवसर पैदा करना जरूरी है।
औद्योगिक निवेश को लेकर उन्होंने दावा किया कि बड़े उद्योगपतियों की ओर से निवेश की दिशा में कदम उठाए जा रहे हैं। बंद पड़े कई कारखाने कानूनी विवादों में फंसे हैं, जिन्हें सुलझाकर दोबारा शुरू करने का प्रयास किया जा रहा है। जहां उद्योग लगाना संभव नहीं होगा, वहां अस्पताल या अन्य जनहितकारी संस्थान विकसित करने की कोशिश की जाएगी।
विपक्षी दलों के संभावित गठबंधन पर टिप्पणी करते हुए अग्निमित्रा पाल ने कहा कि विपक्ष एकजुट हो या बिखरा रहे, जनता की प्राथमिकताएं अलग हैं। जनता को बेहतर इलाज, अच्छी शिक्षा, स्कूलों में बेहतर भोजन, अच्छी सड़क, यातायात व्यवस्था और रोजगार चाहिए। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में भारतीय जनता पार्टी को जनता का समर्थन मिलेगा और नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पार्टी आगे बढ़ेगी।
उन्होंने आंदोलनों और कथित विदेशी फंडिंग को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए और कहा कि यदि किसी मामले में विदेशी फंडिंग साबित होती है, तो यह गंभीर विषय होगा। शिक्षा व्यवस्था पर उन्होंने ऐसी नीति की आवश्यकता बताई, जिससे बच्चों में देश और भारत के प्रति सम्मान की भावना विकसित हो और वे बेहतर नागरिक बन सकें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

