प्लास्टिक जमा करने पर मिलेगा पिज्जा-चिकन फ्राई- अग्निमित्रा पाल की अनूठी पहल
आसनसोल, 18 नवंबर (हि. स.)। अब पुरानी प्लास्टिक की बोतलें और प्लास्टिक के अन्य सामान जमा करने पर बदले में कपड़े के बैग ही नहीं, बल्कि पिज्जा और चिकन फ्राई जैसे लजीज व्यंजन भी मिल सकते हैं। प्लास्टिक प्रदूषण रोकने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए राज्य की शहरी विकास मंत्री अग्निमित्रा पाल ने बुधवार को ऐसी एक अनूठी पहल की योजना की जानकारी दी है।
राज्य के शहरी विकास विभाग की ओर से प्लास्टिक प्रदूषण पर अंकुश लगाने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति आम लोगों की भागीदारी बढ़ाने के लिए कई नए प्रयोग करने की तैयारी की जा रही है। सरकार का उद्देश्य केवल जागरूकता अभियान चलाने तक सीमित नहीं रहना, बल्कि पर्यावरण संरक्षण को लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी से जोड़ना है। इसी कड़ी में पुरानी प्लास्टिक की बोतलें और अन्य प्लास्टिक सामग्री जमा करने पर उसके बदले आकर्षक उपहार देने की योजना बनाई जा रही है। इसके तहत लोगों को कपड़े के थैले दिए जा सकते हैं।
वहीं, नई पीढ़ी और युवाओं को इस अभियान से जोड़ने के लिए पिज्जा और चिकन फ्राई जैसे फास्ट फूड देने का भी विचार है। इस पहल का उद्देश्य प्लास्टिक कचरे के संग्रह और पुनर्चक्रण को बढ़ावा देना है।
विभाग का मानना है कि यदि पर्यावरण संरक्षण को आकर्षक पुरस्कारों से जोड़ा जाए तो आम लोगों, खासकर युवाओं की इसमें भागीदारी बढ़ सकती है। योजना लागू होने के बाद प्लास्टिक कचरे के निस्तारण और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक नई पहल शुरू होने की उम्मीद है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

