home page

नीति बनाने के साथ उसका जमीनी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन भी जरूरी : अग्निमित्रा पाल

 | 
नीति बनाने के साथ उसका जमीनी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन भी जरूरी : अग्निमित्रा पाल


कोलकाता, 17 नवंबर (हि. स.)। राज्य की शहरी विकास एवं नगरपालिका मामलों की मंत्री तथा आसनसोल दक्षिण की विधायक अग्निमित्रा पाल ने मंगलवार को न्यू टाउन, कोलकाता स्थित आईआईटी खड़गपुर रिसर्च पार्क में आयोजित दो दिवसीय क्षमता निर्माण कार्यशाला में हिस्सा लिया। कार्यशाला का विषय ‘फ्रॉम पॉलिसी टू प्रैक्टिस’ (नीति से व्यवहार तक) रखा गया था। इसमें शहरी स्थानीय निकायों (यूएलबी) की क्षमता बढ़ाने और ठोस कचरा प्रबंधन नियमों को प्रभावी ढंग से लागू करने के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

मंत्री अग्निमित्रा पाल ने अपने फेसबुक अकाउंट पर इस कार्यक्रम की जानकारी साझा करते हुए बताया कि कार्यशाला में ठोस कचरा प्रबंधन के लिए बेहतर योजना तैयार करने, स्थानीय प्रशासन की कार्यक्षमता बढ़ाने और नीतियों को धरातल पर उतारने के व्यावहारिक उपायों पर महत्वपूर्ण विचार-विमर्श हुआ।

उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल नीतियां बनाना नहीं, बल्कि उनका सही तरीके से जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन सुनिश्चित करना है। इसके लिए शहरी स्थानीय निकायों और प्रशासनिक संस्थाओं की क्षमता को और मजबूत करना आवश्यक है।

उन्होंने उम्मीद जताई कि इस तरह की पहल से शहरी क्षेत्रों में कचरा प्रबंधन की व्यवस्था अधिक प्रभावी और टिकाऊ बनेगी। स्वच्छ शहरों के निर्माण और स्वच्छ भारत अभियान के लक्ष्यों को हासिल करने में भी मदद मिलेगी।

कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य नीति निर्माण और उसके व्यावहारिक क्रियान्वयन के बीच की दूरी को कम करना तथा शहरी निकायों को ठोस कचरा प्रबंधन के क्षेत्र में अधिक सक्षम बनाना रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा